Delhi Metro: राजधानी में मेट्रो नेटवर्क होगा और मजबूत, ₹12,014 करोड़ से बनेंगे 3 नए कॉरिडोर

Delhi Metro: मेट्रो ट्रेन का सबसे बड़ा नेटवर्क मौजूदा समय में दिल्ली में है। इस नए प्रोजेक्ट के बाद नेटवर्क में और भी तेज बढ़ोतरी हो जाएगी। इसके तैयार हो जाने से कई नए इलाके मेट्रो नेटवर्क में शामिल हो जाएंगे।

Delhi Metro: दिल्ली के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राजधानी में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को लेकर सरकार ने फेज-5 को मंजूरी दे दी है। इस चरण में तीन नए कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिन पर लगभग ₹12,014 करोड़ खर्च होंगे। परियोजना को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी स्वीकृत कॉरिडोर मौजूदा लाइनों के विस्तार के रूप में तैयार किए जाएंगे, ताकि घनी आबादी वाले इलाकों में तेज, सुगम और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके।

मैजेंटा लाइन बनेगी सबसे लंबी

विस्तार के बाद मैजेंटा लाइन (लाइन-8) दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन बन जाएगी। फेज-V (ए) के तहत इसे रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक, सेंट्रल विस्टा मार्ग के जरिए आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही, फेज-IV के इंद्रप्रस्थ–इंदरलोक कॉरिडोर को भी इसी लाइन में शामिल किया जाएगा। इन विस्तारों के बाद बॉटनिकल गार्डन से इंदरलोक तक इसकी कुल लंबाई करीब 89 किलोमीटर हो जाएगी। पूरी तरह तैयार होने पर यह कॉरिडोर ड्राइवरलेस तकनीक पर संचालित होगा।

21 इंटरचेंज स्टेशनों से मजबूत कनेक्टिविटी

विस्तार के बाद मैजेंटा लाइन पर कुल 21 इंटरचेंज स्टेशन होंगे। फिलहाल कालकाजी मंदिर, बॉटनिकल गार्डन, जनकपुरी वेस्ट और हौज खास इंटरचेंज के रूप में संचालित हैं। फेज-IV और फेज-V (ए) के अंतर्गत 17 नए इंटरचेंज स्टेशन जोड़े जाएंगे, जिनमें कालिंदी कुंज, चिराग दिल्ली, टर्मिनल-1 आईजीआई एयरपोर्ट, पीरागढ़ी, पीतमपुरा (मधुबन चौक), हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, आजादपुर, पुलबंगश, नबी करीम, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, इंद्रप्रस्थ, दिल्ली गेट, नई दिल्ली और इंदरलोक शामिल हैं।

इनमें सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आजादपुर, नई दिल्ली और इंदरलोक को ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। बॉटनिकल गार्डन से इंदरलोक के बीच कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें से 40 भूमिगत होंगे। बेहतर इंटरचेंज सुविधा से यात्रियों का समय बचेगा, भीड़ कम होगी और शहर में निर्बाध आवागमन संभव हो सकेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.