Uttarakhand News : क्या है उत्तराखंड में मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना: युवाओं को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग
देहरादून।
उत्तराखंड Uttarakhand सरकार की मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई है। योजना का उद्देश्य आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण प्रतिभाशाली युवाओं की तैयारी प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और आवश्यक अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराना है।
विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों के साथ-साथ शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसके माध्यम से विद्यार्थी अपने घर से ही विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे।
ऑनलाइन कोचिंग के दायरे में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), राज्य लोक सेवा आयोग, CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल होंगी।
CAT, MAT, GATE और NET की तैयारी में भी मार्गदर्शन
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का दायरा केवल सरकारी नौकरियों से जुड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहेगा। विद्यार्थियों को CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
इससे उच्च शिक्षा और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी एक ही योजना के माध्यम से परीक्षा संबंधी सहायता मिल सकेगी।
पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को विशेष लाभ
उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गुणवत्तापूर्ण कोचिंग संस्थानों की सीमित उपलब्धता के कारण कई विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए देहरादून, हल्द्वानी या प्रदेश से बाहर के बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है।
ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने से विद्यार्थी घर बैठे विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। इससे कोचिंग के लिए होने वाले अतिरिक्त खर्च और दूसरे शहरों में रहने की आवश्यकता को कम करने में मदद मिल सकती है।
आर्थिक बाधा को कम करने पर जोर
योजना का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है। निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से ऐसे विद्यार्थी भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे, जिनके लिए निजी कोचिंग की फीस वहन करना कठिन है।
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के जरिए सरकार का फोकस प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए समान अवसर उपलब्ध कराने और उनकी तैयारी को बेहतर बनाने पर है।
उत्तराखंड में धामी मॉडल: UCC से ऑपरेशन कालनेमि तक 10 बड़े फैसले, जमीन पर कितना बदला?
