West Bengal Election: ममता बनर्जी का विवादित बयान, ‘काउंटिंग में गड़बड़ी हुई तो घर से निकलें महिलाएं’

West Bengal Election: बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर ममता बनर्जी ने इस बार खुलेआम धमकी दे डाली। उन्‍होंने महिलाओं से कहा कि अगर कोई वोटिंग के दिन या काउंटिंग के दिन कुछ भी फोर्स अप्लाई करने की कोशिश करता है, तो घर में जो कुछ भी है, उसे लेकर बाहर आए।

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा है कि अगर मतदान या मतगणना के दिन किसी तरह का दबाव या बल प्रयोग करने की कोशिश होती है, तो वे घर में मौजूद चीजों के साथ बाहर निकलकर विरोध करें। पश्चिम बर्धमान के पांडबेश्वर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से पहले गैस सिलेंडर की कीमत करीब 400 रुपये थी, जो अब सिंगल सिलेंडर के लिए लगभग 1100 रुपये और डबल के लिए 2100 रुपये तक पहुंच गई है। साथ ही पेट्रोल की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लॉकडाउन जैसी स्थिति बनाकर लोगों को घरों में रोकने और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा सकती है।

वोटिंग और काउंटिंग को लेकर चेतावनी

ममता बनर्जी ने लोगों से कहा कि 2021 में जिस तरह संघर्ष किया गया, उसी तरह हर परिस्थिति में तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि यह पश्चिम बंगाल की जनता का राज्य है और चुनाव में वोट भी वही देंगे। उन्होंने महिलाओं से खास तौर पर कहा कि अगर चुनाव या मतगणना के दिन किसी तरह की गड़बड़ी होती है, तो वे एकजुट होकर उसका विरोध करें और घर में जो भी उपलब्ध हो, उसके साथ बाहर निकलें।

TMC-BJP मुकाबले को बताया ‘महाभारत’

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ममता बनर्जी ने TMC और BJP के बीच मुकाबले को ‘महाभारत’ जैसा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण (SIR) के दौरान विपक्षी इलाकों के मतदाताओं को निशाना बनाया गया। उन्होंने पूरक मतदाता सूचियों को तुरंत जारी करने की मांग की और जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता देने का आश्वासन भी दिया।

ममता ने कहा कि यह लड़ाई पांडवों और कौरवों के युद्ध जैसी है, जिसमें भाजपा को कौरव और TMC को पांडव बताया। उन्होंने पार्टी उम्मीदवार नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के समर्थन में प्रचार करते हुए आरोप लगाया कि ‘तार्किक विसंगतियों’ के नाम पर मतदाता सूची में नाम जोड़े और हटाए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि बाकी सूचियां भी जल्द से जल्द सार्वजनिक की जाएं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

2

2