Israel US Iran War: इजरायल की एयर स्ट्राइक से दहला ईरान, रिवोल्यूशनरी गार्ड समेत कई अहम हेडक्वार्टर तबाह

Israel US Iran War: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जंग का आज छठा दिन है। ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमले में अबतक 1 हजार से भी ज्यादा लोगों की मौत की खबर सामने आ चुकी है।

Israel US Iran War: मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष अब और तेज हो गया है। जंग के छठे दिन रात के दौरान इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान के कई इलाकों पर बड़े हमले किए। सबसे बड़ा हमला तेहरान में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के मुख्यालय पर बताया जा रहा है। इजरायली सेना के अनुसार उनकी एयरफोर्स ने सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर पूर्वी तेहरान में मौजूद एक बड़े सैन्य परिसर को निशाना बनाकर कार्रवाई की। यह परिसर ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का अहम ठिकाना माना जाता है।

100 से ज्यादा लड़ाकू विमानों से हमला

इजरायली सेना ने बताया कि पूर्वी तेहरान में किए गए इस बड़े हमले में 100 से अधिक लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया गया। इन विमानों ने करीब 250 से ज्यादा बम गिराए। इजरायल का दावा है कि जिस सैन्य परिसर को निशाना बनाया गया, वहां रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के अलावा ईरान की कई अन्य सुरक्षा एजेंसियों के मुख्यालय भी मौजूद थे। इजरायल ने यह भी कहा है कि हमले में ईरान के इंटेलीजेंस मुख्यालय, आंतरिक सुरक्षा बल और साइबर वॉर यूनिट को भी निशाना बनाया गया। हमले के बाद तेहरान के कई हिस्सों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं और कुछ इलाकों में आग लगने की खबरें सामने आईं।

300 डिफेंस सिस्टम और मिसाइल नष्ट करने का दावा

इजरायल का कहना है कि हालिया हमलों में उसने ईरान के करीब 300 डिफेंस सिस्टम और बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट कर दिया है। इजरायली सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन के मुताबिक, IDF ने पूर्वी तेहरान में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के एक बड़े कंपाउंड को निशाना बनाया। इसके अलावा ईरान के परमाणु संयंत्र के अंदर मौजूद कुछ महत्वपूर्ण साइट्स पर भी हमले का दावा किया गया है।

लेबनान में भी तेज हुए हमले

इधर लेबनान में भी इजरायल ने हिजबुल्लाह के ठिकानों पर अपने हमले तेज कर दिए हैं। राजधानी बेरूत, टायर और दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में हवाई हमले किए गए, जिनमें कई ठिकाने तबाह होने की खबर है। दक्षिणी लेबनान के सीमावर्ती क्षेत्रों में IDF के सैनिकों की तैनाती भी बढ़ा दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेबनान में अब तक करीब 70 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 400 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

2

2