Rajpal Yadav Case: कॉमेडी किंग के लिए एकजुट हुई इंडस्ट्री, सलमान खान का बड़ा कदम

Rajpal Yadav Case: राजपाल यादव इन दिनों सुर्खियों में हैं। एक्टर की आर्थिक स्थिति सामने आने के बाद उन्हें बॉलीवुड से सपोर्ट मिल रहा है। कई सितारों के बीच सलमान खान भी आगे आए हैं। इसके अलावा एक और सुपरस्टार ने उन्हें सपोर्ट किया है।

Rajpal Yadav Case: राजपाल यादव के ₹9 करोड़ के कर्ज और चेक बाउंस मामले में सरेंडर कर तिहाड़ जेल भेजे जाने से ठीक पहले उनका एक भावुक बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि इंडस्ट्री में उनका कोई करीबी दोस्त नहीं है। इस बयान के बाद अब फिल्म इंडस्ट्री उनके समर्थन में एकजुट नजर आ रही है और कई सितारे उनकी आर्थिक मदद के लिए आगे आए हैं।

सबसे पहले अभिनेता सोनू सूद ने राजपाल की मदद के लिए अपील की थी। इसके बाद, एक इंटरव्यू में राजपाल के मैनेजर गोल्डी ने बताया कि कई बड़े सितारों ने सहयोग का आश्वासन दिया है। उनके मुताबिक, सलमान खान, अजय देवगन, डेविड धवन, रतन जैन और वरुण धवन सहित कई नामी हस्तियां मदद के लिए आगे आई हैं। गोल्डी ने कहा कि इस बार इंडस्ट्री से जिस तरह का समर्थन मिल रहा है, उसकी राजपाल यादव ने भी सराहना की है।

रिहाई को लेकर क्या है स्थिति?

मैनेजर ने यह तो स्पष्ट नहीं किया कि क्या राजपाल ने सरेंडर से पहले किसी से मदद मांगी थी, लेकिन उन्होंने कहा कि मुश्किल वक्त में इंडस्ट्री उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि आर्थिक लेन-देन में समय लगता है और परिवार को मानसिक रूप से मजबूत रहने की जरूरत है। राजपाल यादव की जमानत पर सुनवाई जल्द होने की संभावना है और उम्मीद जताई जा रही है कि उन्हें राहत मिल सकती है।

कर्ज का पूरा मामला

साल 2010 में राजपाल यादव ने अपनी निर्देशन में बनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए दिल्ली की मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से ₹5 करोड़ का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही और वे समय पर भुगतान नहीं कर सके। इसके बाद मामला कानूनी प्रक्रिया में चला गया। अप्रैल 2018 में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें और उनकी पत्नी राधा यादव को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत दोषी ठहराया, क्योंकि उनके द्वारा जारी सात चेक बाउंस हो गए थे। कोर्ट ने उन्हें छह महीने की सजा सुनाई थी।

जून 2024 में दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी सजा पर रोक लगाते हुए बकाया रकम चुकाने के लिए गंभीर प्रयास करने का निर्देश दिया। तब तक बकाया राशि बढ़कर करीब ₹9 करोड़ हो चुकी थी। अक्टूबर 2025 तक राजपाल यादव ने ₹75 लाख जमा किए, लेकिन बड़ी रकम अब भी बाकी थी। फरवरी 2025 में अदालत ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया और अतिरिक्त समय की उनकी याचिका खारिज कर दी गई, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।

किन-किन लोगों ने की मदद

सोनू सूद ने उन्हें अपनी अगली फिल्म में भूमिका देने के साथ एक साइनिंग अमाउंट भी दिया है। इसके अलावा राजनेता तेज प्रताप यादव ने ₹11 लाख, अभिनेता KRK ने ₹10 लाख और म्यूजिक प्रोड्यूसर राव इंद्रजीत सिंह ने ₹1.11 करोड़ तक की आर्थिक सहायता की पेशकश की है। राजपाल यादव के इस कठिन दौर में इंडस्ट्री से मिल रहा समर्थन चर्चा का विषय बना हुआ है, और सभी की नजर अब उनकी जमानत सुनवाई पर टिकी है।

 

Rajpal Yadav Case
Comments (0)
Add Comment