Pawan Singh Divorce: भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला लंबे समय से सुर्खियों में बना हुआ है। बुधवार, 11 फरवरी को ज्योति सिंह आरा सिविल कोर्ट स्थित कुटुंब न्यायालय में पेश हुईं। उन्होंने न्यायाधीश के सामने स्पष्ट कहा कि वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती हैं और तलाक की अर्जी से सहमत नहीं हैं।
दरअसल, पवन सिंह ने ही कोर्ट में तलाक की याचिका दाखिल की थी। हालांकि निर्धारित तारीख पर वह स्वयं अदालत में उपस्थित नहीं हुए। उनके वकील ने अनुपस्थिति की वजह उनकी तबीयत खराब होना बताया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 24 फरवरी को तय की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अदालत में फिलहाल दोनों पक्षों के बीच सुलह की प्रक्रिया चल रही है, ताकि आपसी सहमति से विवाद का समाधान निकाला जा सके। ज्योति सिंह ने कोर्ट में पवन सिंह द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया और काफी देर तक उनके आने का इंतजार भी किया, लेकिन वे नहीं पहुंचे।
गौरतलब है कि ज्योति सिंह, पवन सिंह की दूसरी पत्नी हैं। पवन सिंह ने पहली शादी नीलम सिंह से वर्ष 2014 में की थी, जिनका 2015 में निधन हो गया था। इसके बाद मार्च 2018 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के बलिया में ज्योति सिंह से विवाह किया। बताया जाता है कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गए थे, जो समय के साथ बढ़ते गए और अब मामला तलाक तक पहुंच गया है।