मैजेंटा लाइन बनेगी सबसे लंबी
विस्तार के बाद मैजेंटा लाइन (लाइन-8) दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन बन जाएगी। फेज-V (ए) के तहत इसे रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक, सेंट्रल विस्टा मार्ग के जरिए आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही, फेज-IV के इंद्रप्रस्थ–इंदरलोक कॉरिडोर को भी इसी लाइन में शामिल किया जाएगा। इन विस्तारों के बाद बॉटनिकल गार्डन से इंदरलोक तक इसकी कुल लंबाई करीब 89 किलोमीटर हो जाएगी। पूरी तरह तैयार होने पर यह कॉरिडोर ड्राइवरलेस तकनीक पर संचालित होगा।
21 इंटरचेंज स्टेशनों से मजबूत कनेक्टिविटी
विस्तार के बाद मैजेंटा लाइन पर कुल 21 इंटरचेंज स्टेशन होंगे। फिलहाल कालकाजी मंदिर, बॉटनिकल गार्डन, जनकपुरी वेस्ट और हौज खास इंटरचेंज के रूप में संचालित हैं। फेज-IV और फेज-V (ए) के अंतर्गत 17 नए इंटरचेंज स्टेशन जोड़े जाएंगे, जिनमें कालिंदी कुंज, चिराग दिल्ली, टर्मिनल-1 आईजीआई एयरपोर्ट, पीरागढ़ी, पीतमपुरा (मधुबन चौक), हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, आजादपुर, पुलबंगश, नबी करीम, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, इंद्रप्रस्थ, दिल्ली गेट, नई दिल्ली और इंदरलोक शामिल हैं।
इनमें सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आजादपुर, नई दिल्ली और इंदरलोक को ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। बॉटनिकल गार्डन से इंदरलोक के बीच कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें से 40 भूमिगत होंगे। बेहतर इंटरचेंज सुविधा से यात्रियों का समय बचेगा, भीड़ कम होगी और शहर में निर्बाध आवागमन संभव हो सकेगा।