UP News: शर्टलेस प्रदर्शन पर सियासी बवाल! अखिलेश और मायावती ने कांग्रेस को घेरा

UP News: दिल्ली के एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन पर अब अखिलेश यादव और मायावती का भी बयान आया है। दोनों नेताओं ने इस कृत्य के लिए कांग्रेस पार्टी की आलोचना की है।

UP News: देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन पर सियासत तेज हो गई है। इस मामले में जहां भाजपा पहले से हमलावर है, वहीं अब विपक्षी दलों ने भी कांग्रेस की आलोचना शुरू कर दी है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है।

इस मामले में Delhi Police ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ जारी है। भाजपा का आरोप है कि यह प्रदर्शन शीर्ष कांग्रेस नेतृत्व राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की जानकारी और देखरेख में किया गया।

‘जो हुआ, वह सही नहीं’ – अखिलेश यादव

झांसी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह का प्रदर्शन उचित नहीं है। उनके मुताबिक, ऐसे आयोजन में ऐसा आचरण नहीं होना चाहिए जिससे विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश की छवि को ठेस पहुंचे।

‘अति-अशोभनीय और निंदनीय’ – मायावती

इससे पहले मायावती ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए इस प्रदर्शन को बेहद आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में देश-विदेश के कई प्रमुख लोग मौजूद थे और यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में था। ऐसे में अर्धनग्न होकर विरोध जताना न सिर्फ अशोभनीय है, बल्कि देश की गरिमा और छवि को प्रभावित करने वाला कदम भी है। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है, जबकि प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.