Uttarakhand Budget Session: राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा के दौरान धामी का बयान, ‘तीसरा दशक उत्तराखंड के नाम’
Uttarakhand Budget Session: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विकास को लेकर बड़ा संकल्प दोहराया है। सीएम धामी ने आज गैरसैंण में बजट विधानसभा सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव दिया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी का भी आभार व्यक्त किया।
Uttarakhand Budget Session: पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को कहा कि वर्ष 2021 में नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम से यह घोषणा की थी कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उसी दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने यह बात गैरसैंण में आयोजित विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए कही।
अटल बिहारी वाजपेयी को दिया राज्य गठन का श्रेय
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड के सभी देवी-देवताओं का स्मरण किया और देश की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राज्य आंदोलन में योगदान देने वाले सभी लोगों को भी नमन किया।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की स्थापना का सपना साकार करने का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। उन्होंने राज्य की नींव रखी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इस राज्य को आगे बढ़ाने और विकसित करने का काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने दुनिया के सामने दिखाई उत्तराखंड की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा देवभूमि उत्तराखंड से भावनात्मक रूप से जुड़े रहे हैं और समय-समय पर राज्य के विकास के लिए मार्गदर्शन देते रहे हैं। चाहे कोई बड़ा आयोजन हो, सीमांत क्षेत्रों का दौरा हो या देश के अंतिम गांव माणा गांव की यात्रा—प्रधानमंत्री ने हर मौके पर उत्तराखंड को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई। 26 जनवरी 2022 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा इस टोपी को पहनने के बाद यह राज्य के लोगों के लिए सम्मान और पहचान का प्रतीक बन गई है।
वित्त मंत्री के रूप में पेश किया पहला बजट
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि उन्हें पहली बार वित्त मंत्री के रूप में राज्य का बजट प्रस्तुत करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि यह बजट आने वाले वर्षों के लिए राज्य के विकास की स्पष्ट दिशा तय करने वाला रोडमैप है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर इस साल प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देवभूमि रजतोत्सव मनाया गया और सरकार के संकल्पों को साकार करने में यह बजट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नकल माफिया और घोटालों पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए नकल माफिया और विभिन्न घोटालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि नकल माफिया, पेपर लीक और अन्य घोटालों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए कठोर कदम उठाए गए हैं और कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
सदन में कई विधेयकों पर चर्चा
गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा में सुबह 11 बजे से कार्यवाही शुरू हुई। प्रश्नकाल के दौरान विधायकों ने कई विभागों से जुड़े मुद्दे उठाए और सरकार से जवाब मांगा। इसके अलावा कई विधेयकों पर भी चर्चा हुई। सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड कारागार और सुधारात्मक सेवाएं (संशोधन) विधेयक, जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) विधेयक 2026 और उत्तराखंड दुकान और स्थापना (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) विधेयक सहित कई प्रस्ताव सदन के पटल पर रखे।
1.11 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश
मुख्यमंत्री धामी ने सोमवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। वित्त मंत्री के रूप में यह उनका पहला बजट है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गरीब, युवा, किसान और महिला सशक्तीकरण के चार स्तंभों पर राज्य के समग्र विकास को आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री के अनुसार इस बजट में महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीबों, अनुसूचित वर्ग और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए कई प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड के विकास का दशक बनने जा रहा है।