UP Politics: सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- ‘न कर्फ्यू, न दंगा… यूपी में सब चंगा’
UP Politics: यूपी विधानपरिषद को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। सीएम योगी ने कहा है कि सपा के राज में उत्तर प्रदेश अपराध का गढ़ बन गया था।
UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विधानपरिषद में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने महिला राज्यपाल का अपमान किया है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का आधिकारिक दस्तावेज होता है, ऐसे में संवैधानिक पद के प्रति विपक्ष का व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की संवैधानिक प्रमुख के प्रति मुख्य प्रतिपक्ष का आचरण लोकतंत्र को कमजोर करता है और यह अवमानना की श्रेणी में आता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस प्रकार का विपक्ष है, उससे संवैधानिक मूल्यों के सम्मान की अपेक्षा करना व्यर्थ है।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश अपराध और अराजकता के लिए जाना जाता था। उस समय गुंडों और माफियाओं का बोलबाला था और वे समानांतर शासन चलाते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है और अब न कर्फ्यू की स्थिति है, न दंगे होते हैं।
योगी ने आगे कहा कि आक्रांताओं का महिमामंडन या देशविरोधी तत्वों के समर्थन में बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राष्ट्रनायकों के सम्मान को सभी का कर्तव्य बताया। साथ ही आरोप लगाया कि सपा ने अतीत में गाजी मेले का समर्थन किया, कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई और राम मंदिर तथा काशी विश्वनाथ जैसे मुद्दों का विरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने राम और कृष्ण को अदालत में मिथक बताया था और रामभक्तों पर गोली चलाने का आरोप भी सपा सरकार पर लगाया। उन्होंने वंदे मातरम् के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राष्ट्रगीत का अपमान संविधान की अवहेलना के समान है।