UP News: दो दिन से लापता सपा नेता मनोज यादव अरेस्ट, पत्नी ने दर्ज कराई थी शिकायत

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सपा नेता पर धमकी देने और जाति सूचक शब्द बोलने का आरोप है। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया था।

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और टीवी पैनलिस्ट मनोज यादव को बाराबंकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले सपा ने शुक्रवार सुबह अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट कर दावा किया था कि मनोज यादव बीती रात से लापता हैं और मामला गंभीर है। बाद में पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की।

धमकी और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप

पुलिस के अनुसार, मनोज यादव पर धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है। इस संबंध में 11 फरवरी को थाना सफदरगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। दर्ज केस संख्या 50/26 के तहत कार्रवाई करते हुए 13 फरवरी 2026 को सफदरगंज थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। मनोज यादव उर्फ बब्लू, ग्राम भगोलापुरवा, थाना सफदरगंज, जनपद बाराबंकी के निवासी बताए गए हैं।

पत्नी ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी

बताया जा रहा है कि मनोज यादव दो दिनों से परिवार के संपर्क में नहीं थे। उनकी पत्नी ने लखनऊ के गोमतीनगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। सपा के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से भी शिकायत की प्रति साझा करते हुए पुलिस से तत्काल खोजबीन की मांग की गई थी और किसी अनहोनी की आशंका जताई गई थी।

पार्टी में सक्रिय भूमिका

मनोज यादव समाजवादी पार्टी के सक्रिय और आक्रामक प्रवक्ताओं में गिने जाते हैं। वह टीवी डिबेट्स में पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.