Tawa Cleaning Remedies: जले-चिपके दाग हटाने का आसान तरीका, तवा दिखेगा बिल्कुल नया
Tawa Cleaning Remedies: रोटी बनाने वाला तवा पराठे बनाने से काला पड़ जाता है। घी और तेल की चिकनाई जलने से चिकट जाती है। जो साफ करने से भी नहीं हटती है। काले पड़ चुके तवे को साफ करने के लिए ये तरीका अपनाएं।
Tawa Cleaning Remedies: रोटी और पराठे बनाने के लिए अलग-अलग तरह के तवे इस्तेमाल किए जाते हैं, लेकिन आज भी ज्यादातर घरों में लोहे का तवा ही सबसे ज्यादा उपयोग में आता है। गांवों में लोग इसे राख और ईंट से मांजकर साफ करते हैं, जिससे काला पड़ा तवा भी तुरंत चमक उठता है। वहीं शहरों में आमतौर पर लिक्विड डिशवॉश या साबुन से सफाई की जाती है, लेकिन कई बार इससे जमी हुई चिकनाई पूरी तरह नहीं हट पाती।
खासकर अगर घर में अक्सर पराठे बनते हों, तो तवे पर तेल की परत जमने लगती है। बार-बार गर्म होने के कारण यह तेल सख्त होकर जले हुए कोयले जैसी परत बना लेता है। अगर समय पर सफाई न की जाए, तो यह दाग और ज्यादा जिद्दी हो जाते हैं। ऐसे में तवा साफ करने के लिए कुछ आसान और असरदार उपाय अपनाए जा सकते हैं, जिनमें ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती।
तवा साफ करने के आसान तरीके
1. पहले तवा गर्म करें
काले और जमे हुए तवे को साफ करने का सबसे आसान तरीका है उसे कुछ देर तेज आंच पर गर्म करना। इसके बाद हैंडल पकड़कर स्टील स्क्रबर और साबुन से अच्छी तरह रगड़ें। गर्मी की वजह से जमी चिकनाई ढीली हो जाती है और आसानी से हट जाती है।
2. नमक और शैंपू का इस्तेमाल
गंदे तवे को गैस पर रखें और उस पर थोड़ा नमक छिड़क दें। इसके ऊपर थोड़ा शैंपू डालें। फिर नींबू का रस और थोड़ा पानी डालकर इसे कुछ देर उबलने दें। गैस बंद करने के बाद किसी पुराने फॉयल पेपर या स्क्रबर से रगड़कर साफ करें। इससे तवा काफी हद तक नया जैसा दिखने लगेगा।
3. बेकिंग सोडा और सिरका
जिद्दी कालिख हटाने के लिए बेकिंग सोडा, सिरका और नींबू का मिश्रण बेहद कारगर साबित हो सकता है। इन सभी चीजों को तवे पर डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और गैस पर गर्म करें। उबाल आने के बाद गैस बंद करें और तवे को साबुन व स्क्रबर की मदद से साफ कर लें। जमी हुई परत आसानी से निकल जाएगी।
4. सैंडपेपर या देसी तरीके
लोहे के तवे की गहरी जमी परत हटाने के लिए सैंडपेपर (रेगमाल) का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा ईंट, बालू या रेत से रगड़ने का पारंपरिक तरीका भी काफी असरदार है। इन उपायों से लोहे का तवा या कड़ाही फिर से साफ और चमकदार हो सकती है।