T20 World Cup: टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 राउंड की शुरुआत अब कुछ ही दिनों में होने वाली है। इसी बीच श्रीलंका के पल्लेकेले में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मुकाबला बारिश की वजह से रद्द होते ही सुपर-8 का समीकरण साफ हो गया और टीम इंडिया का शेड्यूल भी सामने आ गया। भारतीय टीम लीग चरण का एक मुकाबला और खेलेगी, जिसके बाद उसे सुपर-8 में तीन अहम मैच खेलने हैं। तारीख, विरोधी टीम और वेन्यू की पूरी जानकारी यहां नोट कर लीजिए।
18 फरवरी को नीदरलैंड्स से आखिरी लीग मुकाबला
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के अपने शुरुआती तीनों मैच जीतकर शानदार शुरुआत की है। तीन जीत और छह अंकों के साथ टीम पहले ही सुपर-8 में जगह पक्की कर चुकी है। अब लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला 18 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। इसके साथ ही भारत का लीग चरण समाप्त हो जाएगा।
22 फरवरी को साउथ अफ्रीका से सुपर-8 की शुरुआत
सुपर-8 में भारत का पहला मुकाबला 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ होगा। यह मैच भी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही खेला जाएगा। दोनों टीमें अच्छी फॉर्म में हैं। टूर्नामेंट से पहले वार्मअप मैच में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराया था और अब असली मुकाबले में भी टीम उसी प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेगी।
26 फरवरी को जिम्बाब्वे, 1 मार्च को वेस्टइंडीज से भिड़ंत
सुपर-8 का दूसरा मैच 26 फरवरी को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला जाएगा। पहले संभावना थी कि भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा, लेकिन जिम्बाब्वे ने उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को बाहर कर खुद सुपर-8 में जगह बनाई। ऐसे में यह मुकाबला भी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
इसके बाद भारत अपना तीसरा और आखिरी सुपर-8 मैच 1 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगा। अगर टीम इंडिया तीनों मैच जीत लेती है तो सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का हो जाएगा। दो जीत के साथ भी अंतिम चार में पहुंचने की संभावना रहेगी, लेकिन तब अन्य टीमों के परिणामों पर भी नजर रखनी होगी।
भारत का सुपर-8 शेड्यूल
-
22 फरवरी – भारत vs साउथ अफ्रीका – अहमदाबाद
-
26 फरवरी – भारत vs जिम्बाब्वे – चेन्नई
-
1 मार्च – भारत vs वेस्टइंडीज – कोलकाता