Valentine’s Day पर जैकलिन को सुकेश का ‘लग्जरी एयरबस हेलीकॉप्टर’ गिफ्ट, लिखा भावुक खत

Valentine's Day: महाठग सुकेश चंद्रशेखर अक्सर एक्ट्रेस जैकलिन फर्नांडिस के लिए लैटर लिखता है, जो चर्चा में आ जाता है. ऐसे में अब एक्ट्रेस के लिए सुकेश ने वैलेंटाइन डे पर लैटर लिखा साथ ही एयरबस H-सीरीज हेलीकॉप्टर गिफ्ट करने का दावा किया.

Valentine’s Day: दिल्ली की मंडोली जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर एक बार फिर अपनी चिट्ठी को लेकर सुर्खियों में है। वह अक्सर अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडिस के नाम पत्र लिखता रहता है, जिन पर हर बार चर्चा छिड़ जाती है। इस बार वैलेंटाइन डे के मौके पर सुकेश ने एक लंबा-चौड़ा लव लेटर लिखा है, जिसमें उसने अपने जज़्बात बयान करने के साथ-साथ एयरबस H-सीरीज़ हेलीकॉप्टर गिफ्ट करने का दावा भी किया है।

अपने पत्र में सुकेश ने जैकलिन को ‘माय बेबी बोम्मा’, ‘वावा’, ‘एंजेल’ और ‘जैकी’ जैसे नामों से संबोधित किया। उसने लिखा कि भले ही जेल की दीवारें उन्हें अलग करती हों, लेकिन उसका दिल और हर धड़कन सिर्फ जैकलिन के नाम पर धड़कती है। इतना ही नहीं, उसने अपनी प्रेम कहानी की तुलना रोमियो-जूलियट, हीर-रांझा, लैला-मजनू और एंटनी-क्लियोपेट्रा जैसी ऐतिहासिक प्रेम कथाओं से भी की।

परेशानियों के लिए जिम्मेदारी और भरोसा

चिट्ठी में सुकेश ने कानूनी उलझनों, शर्मिंदगी और मानसिक तनाव के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही यह भरोसा दिलाया कि यह मुश्किल दौर जल्द खत्म होगा और हालात ठीक हो जाएंगे।

लग्जरी एयरबस हेलीकॉप्टर का दावा

पत्र में उसने जैकलिन को कस्टम इंटीरियर वाला लग्जरी एयरबस हेलीकॉप्टर गिफ्ट करने का दावा किया। सुकेश के मुताबिक, हेलीकॉप्टर पर अंदर-बाहर ‘JF’ इनिशियल्स होंगे और इसकी पेंट जॉब जैकलिन के जेट और यॉट से मैच करेगी। उसने यह भी जोर दिया कि यह तोहफा उसकी मेहनत की कमाई से खरीदा गया है और इसका किसी अपराध से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, उसने यह स्वीकार किया कि कानूनी मामलों के चलते जैकलिन इसे तुरंत इस्तेमाल नहीं कर पाएंगी।

पहली बार नहीं है ऐसा दावा

यह पहला मौका नहीं है जब सुकेश ने जैकलिन के लिए पत्र लिखा हो। इससे पहले भी वह वैलेंटाइन डे, क्रिसमस, नवरात्रि और जैकलिन के जन्मदिन जैसे मौकों पर चिट्ठियां लिख चुका है। साथ ही वह प्राइवेट जेट, वाइनयार्ड, पेंटहाउस और लग्जरी कारों जैसे महंगे तोहफों का दावा भी करता रहा है।

जैकलिन ने किया इनकार

जब सुकेश का नाम मनी लॉन्ड्रिंग केस में सामने आया और जैकलिन का जिक्र भी जांच में हुआ, तब अभिनेत्री ने साफ कहा था कि उनका सुकेश से कोई रोमांटिक रिश्ता नहीं है। उन्होंने महंगे गिफ्ट्स और उनकी सोर्सिंग को लेकर भी अनभिज्ञता जताई थी। गौरतलब है कि सुकेश फिलहाल 200 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग और ठगी के मामले में मंडोली जेल में बंद है, जिसमें कई फिल्मी हस्तियों के नाम भी सामने आ चुके हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.