Rohit Shetty Firing Case: 5 आरोपियों को 11 फरवरी तक पुलिस रिमांड, साजिश का मास्टरमाइंड अब भी फरार

Rohit Shetty Firing Case: महाराष्ट्र की एक अदालत ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को गुरुवार को 11 फरवरी तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस ने अदालत को बताया कि ये आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े शुभम लोनकर के इशारे पर काम कर रहे थे। शुभम लोनकर इस केस में मुख्य आरोपी है और फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस अब तक इस मामले में कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी कर चुकी है और आगे की जांच जारी है।

Rohit Shetty Firing Case: फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। अदालत ने इस केस में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को 11 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आदित्य गायकी (19), सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18) और स्वप्निल सकट (23) को रविवार को गिरफ्तार किया गया था, जबकि पांचवें आरोपी आसाराम फासले को गुरुवार को हिरासत में लिया गया।

क्राइम ब्रांच ने कोर्ट को बताया कि आरोपी स्वप्निल के घर से एक पिस्टल, एक एयर गन और तीन मैगजीन बरामद की गई हैं। वहीं, आसाराम फासले के पास से तीन पिस्टल मिली हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन से सिग्नल ऐप डिलीट कर दिया था। पुलिस का कहना है कि चैट रिकवर करने और डिजिटल सबूत जुटाने के लिए लंबी पुलिस कस्टडी जरूरी है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी शुभम लोनकर अब भी फरार है और उसकी तलाश जारी है। बचाव पक्ष के वकीलों ने दलील दी कि आरोपी सिद्धार्थ, समर्थ और आदित्य की भूमिका केवल गाड़ी उपलब्ध कराने तक सीमित थी। वकील का कहना था कि चार दिन की पुलिस हिरासत पर्याप्त है। इस पर पुलिस ने जवाब दिया कि आरोपियों के फोन भले ही जब्त कर लिए गए हों, लेकिन डिजिटल साक्ष्यों की गहराई से जांच के लिए और समय चाहिए।

फायरिंग की घटना के बाद खुद रोहित शेट्टी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें किसी तरह की धमकी भरी कॉल या मैसेज नहीं मिला था। क्राइम ब्रांच की कई टीमें मुख्य आरोपी शुभम लोनकर को पकड़ने और पूरे षड्यंत्र की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान पता चला है कि सभी आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े शुभम लोनकर के संपर्क में थे। लोनकर पहले से ही एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और अभिनेता सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी के मामलों में भी वांछित है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.