Rashmika-Vijay Wedding: शादी की डेट फाइनल! रश्मिका–विजय का जश्न होगा ग्रैंड, अलग-अलग होंगी रस्में
Rashmika-Vijay Wedding: रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा शादी के बंधन में बंधने के लिए अब पूरी तरह से तैयार हैं। कपल अब उदपुर पहुंच चुका है और इसके साथ ही उनकी शादी का शेड्यूल भी सामने आ गया है।
Rashmika-Vijay Wedding: रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी का काउंटडाउन अब शुरू हो चुका है। चर्चित स्टार कपल 26 फरवरी को उदयपुर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में विवाह बंधन में बंधने जा रहा है। शादी से पहले ही जश्न का माहौल बन चुका है। दोनों सितारे हैदराबाद से अपने परिवार और करीबी दोस्तों के साथ राजस्थान रवाना हो चुके हैं, जहां प्री-वेडिंग समारोहों की भव्य तैयारियां चल रही हैं। कपल के करीबी सूत्रों का कहना है कि इस खास मौके को और यादगार बनाने के लिए दोनों अपनी-अपनी पारंपरिक विरासत को शादी की रस्मों में शामिल कर रहे हैं।
क्या है शादी का शुभ मुहूर्त?
जानकारी के मुताबिक मुख्य विवाह समारोह 26 फरवरी की सुबह 10 बजे शुभ मुहूर्त में संपन्न होगा। सुबह की रस्में तेलुगु परंपरा के अनुसार होंगी, जबकि शाम को कोडवा समुदाय की रीति-रिवाजों के तहत विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। दरअसल, विजय देवरकोंडा का परिवार तेलुगु समुदाय से ताल्लुक रखता है, जबकि रश्मिका मंदाना कोडवा समुदाय से आती हैं। ऐसे में यह शादी दो संस्कृतियों का खूबसूरत संगम साबित होने वाली है। रिपोर्ट्स के अनुसार मेहंदी और संगीत जैसे कार्यक्रम भी शेड्यूल किए गए हैं, जिनमें परिवार, रिश्तेदारों के अलावा फिल्म इंडस्ट्री के करीबी दोस्त शामिल होंगे।
23 फरवरी से शुरू होंगे समारोह
मेहमानों के उदयपुर पहुंचने का सिलसिला 23 फरवरी से शुरू हो सकता है। 24 और 25 फरवरी को मेहंदी और संगीत की रस्में होंगी। संगीत नाइट के लिए खास परफॉर्मेंस और डांस की तैयारियां की गई हैं, जिससे जश्न का माहौल और भी रंगीन होगा। लंबे समय तक अपने रिश्ते को निजी रखने के बाद हाल ही में कपल ने इसे सार्वजनिक किया और अपनी शादी को खास नाम दिया “द वेडिंग ऑफ विरोश”। ‘विरोश’ नाम फैंस ने दोनों के नाम को मिलाकर दिया था, जिसे अब आधिकारिक तौर पर अपना लिया गया है।
रॉयल थीम पर सजेगा वेन्यू
उदयपुर की झीलों और अरावली की पहाड़ियों के बीच आयोजित यह शादी रॉयल थीम पर आधारित होगी। वेन्यू पर पारंपरिक और आधुनिक सजावट का मिश्रण देखने को मिलेगा। फूलों की विशेष साज-सज्जा, लाइव म्यूजिक और पारंपरिक व्यंजनों की व्यवस्था इस समारोह को भव्यता प्रदान करेगी। फैंस के लिए यह शादी लंबे समय से चल रही चर्चाओं का खूबसूरत अंजाम है, जहां ग्लैमर के साथ-साथ परंपरा और पारिवारिक मूल्यों की झलक भी साफ दिखाई देगी।