PM Modi: पीएमओ के नए कार्यालय में पहली कार्रवाई, किन प्रस्तावों पर लगी मुहर?

PM Modi का कार्यालय अब रायसीना हिल पर राष्ट्रपति भवन के निकट स्थित औपनिवेशिक काल की साउथ ब्लॉक इमारत से सेवा तीर्थ परिसर में ट्रांसफर हो गया। पीएम मोदी ने आज यहां से कई महत्वपूर्ण फैसलों पर हस्ताक्षर किए।

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सेवा तीर्थ परिसर का उद्घाटन किया। यहां प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय स्थित होंगे। पीएम मोदी ने सेवा तीर्थ से पहला फैसला महिलाओं, किसानों, युवाओं और कमजोर तबके के कल्याण के लिए किया। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक नागरिक को जीवन रक्षक सुरक्षा प्रदान करने और लखपति दीदी की संख्या को दोगुना करके छह करोड़ करने के साथ ही ‘पीएम राहत योजना’ की शुरुआत को मंजूरी देने वाली फाइल पर साइन किए।

इन फैसलों पर किए साइन

पीएम राहत योजना : ‘पीएम राहत योजना’ के तहत, दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि तत्काल चिकित्सा सहायता न मिलने के कारण किसी की जान न जाए।

6 करोड़ लखपति दीदी: प्रधानमंत्री ने अब मार्च 2029 तक छह करोड़ लखपति दीदियों का एक नया, महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। सरकार ने मार्च 2027 की समयसीमा से एक साल से भी अधिक पहले तीन करोड़ लखपति दीदियों का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है।

एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड : किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी के रूप में, कृषि अवसंरचना निधि को दोगुना करके दो लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। इस कदम का उद्देश्य भारत की संपूर्ण कृषि मूल्य श्रृंखला को मजबूत करना है।

‘स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0’ : पीएम मोदी मोदी ने 10,000 करोड़ रुपये के फंड के साथ ‘स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0’ को भी मंजूरी दी।

इस मौके पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और प्रधान सचिव पी के मिश्रा एवं शक्तिकांत दास समेत शीर्ष अधिकारी मौजूद थे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.