ICC Rankings: आईसीसी बल्लेबाजी रैंकिंग में ईशान का जलवा, पाक खिलाड़ी की बादशाहत खत्म

ICC Rankings: आईसीसी ने आज (25 फरवरी) अपनी ताजा रैंकिंग अपडेट कर दी है। अभिषेक शर्मा नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं। ईशान किशन लंबी छलांग लगाकर टॉप-5 में आ गए हैं।

ICC Rankings: आईसीसी की ताज़ा टी20 रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। ईशान किशन ने बल्लेबाजी रैंकिंग में तीन पायदान की छलांग लगाकर टॉप-5 में जगह बना ली है। वहीं अभिषेक शर्मा अब भी नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को भी दो स्थान का फायदा हुआ है और वह तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में पाकिस्तान के सईम अयूब की बादशाहत खत्म हो गई है। वह पहले स्थान से खिसककर दूसरे नंबर पर आ गए हैं।

बल्लेबाजी रैंकिंग में क्या बदला?

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 15 रन की पारी खेलने वाले अभिषेक शर्मा ने भले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में तीन बार ‘डक’ का सामना किया हो, लेकिन उनकी रैंकिंग पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। 877 रेटिंग पॉइंट्स के साथ वह दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं।

दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के फिल साल्ट हैं, जिनके 815 रेटिंग अंक हैं। पाकिस्तान के खिलाफ शून्य पर आउट होने के बावजूद उनकी पोजीशन बरकरार है। साहिबजादा फरहान तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि श्रीलंका के पथुम निसांका एक स्थान फिसलकर चौथे स्थान पर आ गए हैं।

ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था और टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। इसी का फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला है। 742 रेटिंग अंकों के साथ वह आठवें से सीधे पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के सूर्यकुमार यादव छठे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि तिलक वर्मा तीन पायदान नीचे खिसककर सातवें स्थान पर आ गए हैं।

ऑलराउंडर रैंकिंग में नया नंबर-1

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा 294 रेटिंग पॉइंट्स के साथ टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। सईम अयूब 281 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। भारत के हार्दिक पांड्या तीसरे स्थान पर कायम हैं। शिवम दुबे को दो स्थान का फायदा हुआ है और वह 216 रेटिंग के साथ नौवें से सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी भी 209 रेटिंग के साथ टॉप-10 में शामिल हो गए हैं और आठवें नंबर पर हैं।

गेंदबाजी में वरुण का दबदबा

टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के वरुण चक्रवर्ती 790 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश ने 21 पायदान की बड़ी छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया है। वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड 23 स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी सात पायदान ऊपर चढ़कर आठवें स्थान पर आ गए हैं। कुल मिलाकर, आईसीसी की ताजा रैंकिंग ने टी20 क्रिकेट में कई बड़े उलटफेर की तस्वीर साफ कर दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

2