Flights Cancelled: मिडिल ईस्ट टेंशन बढ़ी तो थमी उड़ानें, हैदराबाद एयरपोर्ट पर 10 दिन में 360 फ्लाइट्स रद्द
Flights Cancelled: मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते एयरलाइंस किसी भी तरह का जोखिम मोल नहीं लेना चाहती हैं। इसलिए उड़ानें कैंसिल की जा रही हैं। यह संघर्ष लंबा खिंच सकता है इसलिए आनेवाले दिनों में और भी उड़ानें कैंसिल होने की संभावना है।
Flights Cancelled: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है। इसी कारण Rajiv Gandhi International Airport से संचालित कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। मंगलवार को मिडिल ईस्ट के देशों से हैदराबाद आने वाली 13 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि यहां से मिडिल ईस्ट के लिए रवाना होने वाली 12 फ्लाइट्स भी कैंसिल कर दी गईं। इस तरह कुल मिलाकर 25 उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
सूत्रों के अनुसार, मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष को देखते हुए एयरलाइंस ने सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया है। इसी वजह से निर्धारित उड़ानों को रद्द करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, 28 फरवरी से 10 मार्च के बीच हैदराबाद एयरपोर्ट से अब तक 360 से ज्यादा उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।
यात्रियों और कारोबार पर असर
उड़ानों के बड़े पैमाने पर रद्द होने से न केवल व्यापार और पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हुई हैं, बल्कि हजारों यात्री भी परेशान हो गए हैं। कई लोग रास्ते में या एयरपोर्ट पर ही फंस गए हैं। लगातार बदलती स्थिति के कारण यात्रियों में असमंजस और चिंता का माहौल है। कई यात्री सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी अपनी परेशानी साझा कर रहे हैं और उड़ानों की स्थिति तथा रिफंड से जुड़ी जानकारी मांग रहे हैं।
आगे भी रद्द हो सकती हैं उड़ानें
मिडिल ईस्ट में मौजूदा हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में और उड़ानें रद्द होने की आशंका जताई जा रही है। विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि कई जगहों पर एयरस्पेस बंद या असुरक्षित होने के कारण विमानों को लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जिससे परिचालन लागत बढ़ रही है।एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा पर निकलने से पहले वे अपनी उड़ान की ताजा स्थिति एयरलाइन की वेबसाइट या कस्टमर केयर से जरूर जांच लें।