Delhi Weather: दिल्ली में सबसे गर्म दिन दर्ज, मौसम को लेकर IMD की भविष्यवाणी

Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में फरवरी का अब तक का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक सोमवार, 9 फरवरी को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालम इलाके में अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

Delhi Weather: देश की राजधानी दिल्ली के मौसम में साफ तौर पर बदलाव देखने को मिल रहा है। सोमवार (9 फरवरी) को राजधानी में फरवरी का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इस दिन अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 3.4 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। वहीं, हवा की गुणवत्ता को लेकर भी स्थिति चिंता बढ़ाने वाली है। रविवार को AQI में थोड़ी राहत जरूर मिली थी और यह ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गया था, लेकिन अब एक बार फिर यह ‘खराब’ कैटेगरी में फिसल गया है।

दिल्ली में कहां कितना रहा तापमान?

सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो मौसमी औसत के अनुरूप है। अलग-अलग मौसम केंद्रों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पालम में अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री, लोधी रोड पर 25.0 डिग्री, रिज इलाके में 25.3 डिग्री और आयानगर में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान पालम में 9.8 डिग्री, लोधी रोड में 9.4 डिग्री, रिज में 10.8 डिग्री और आयानगर में 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

तापमान बढ़ने की वजह क्या है?

स्काईमेट वेदर के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के मुताबिक, तापमान में हालिया बढ़ोतरी की मुख्य वजह हवा की दिशा और रफ्तार में बदलाव है। फिलहाल दक्षिण-पूर्वी दिशा से अपेक्षाकृत गर्म हवाएं चल रही हैं और हवा की गति भी धीमी है, जिससे गर्मी बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की उम्मीद है और अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, दो से तीन दिन बाद पश्चिमी हिमालय की ओर से ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से तापमान घटकर करीब 24 डिग्री या उससे थोड़ा कम होने की संभावना है।

10 फरवरी को कैसा रहेगा मौसम?

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार (10 फरवरी) की सुबह दिल्ली में हल्की धुंध छाई रह सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सोमवार शाम 5 बजे 24 घंटे का औसत AQI 249 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इससे एक दिन पहले रविवार को AQI 189 था, जो ‘मध्यम’ कैटेगरी में था।

12 फरवरी तक हवा रहेगी खराब

एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 फरवरी तक दिल्ली की हवा के ‘खराब’ श्रेणी में बने रहने की आशंका है। सुबह 9 बजे AQI 216 दर्ज किया गया, जो भी ‘खराब’ कैटेगरी में आता है। सीपीसीबी के समीर ऐप के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 25 निगरानी केंद्रों पर AQI ‘खराब’ दर्ज किया गया, जबकि 12 केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के मुताबिक, 0–50 AQI ‘अच्छा’, 51–100 ‘संतोषजनक’, 101–200 ‘मध्यम’, 201–300 ‘खराब’, 301–400 ‘अत्यंत खराब’ और 401–500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.