Air India Alert: खाड़ी देशों के लिए सभी फ्लाइट्स कैंसिल, एअर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी

Air India Alert: अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमलों के बीच कई देशों ने अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। एअर इंडिया ने बताया कि आज यूरोप के कईं शहरों के लिए 6 उड़ानें रद्द रहेंगी।

Air India Alert: अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। सुरक्षा हालात को देखते हुए कई देशों ने अपना एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर व्यापक असर पड़ा है। एअर इंडिया ने जानकारी दी है कि वह उपलब्ध वैकल्पिक एयरस्पेस का इस्तेमाल करते हुए नॉर्थ अमेरिका और यूरोप के लिए अपनी कुछ उड़ानें संचालित करेगी।

2 मार्च तक खाड़ी देशों की उड़ानें निलंबित

एअर इंडिया के मुताबिक, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सऊदी अरब, इजरायल और कतर के लिए आने-जाने वाली सभी उड़ानें 2 मार्च को रात 11:59 बजे (भारतीय समयानुसार) तक स्थगित रहेंगी। रविवार को एयरलाइन ने करीब 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की थीं, जबकि सोमवार (2 मार्च) को यूरोप के लिए कम से कम छह उड़ानें रद्द रहेंगी।

एअर इंडिया की ये उड़ानें हुईं रद्द

एयरलाइन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि अमृतसर-बर्मिंघम (AI 117) और बर्मिंघम-दिल्ली (AI 114) की सेवाएं सोमवार को संचालित नहीं होंगी। इसके अलावा दिल्ली-ज्यूरिख (AI 151 और AI 152) तथा दिल्ली-कोपेनहेगन (AI 157 और AI 158) उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं।

हालात की लगातार समीक्षा

एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और कहा है कि स्थिति सामान्य होते ही सेवाएं बहाल की जाएंगी। प्रभावित यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड संपर्क विवरण पर सूचना भेजी जा रही है। साथ ही, री-बुकिंग और वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था में भी सहायता दी जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे ताजा अपडेट के लिए एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या 24×7 कॉल सेंटर से संपर्क करें। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इस बीच, इंडिगो एयरलाइंस ने भी बयान जारी कर कहा है कि मिडिल ईस्ट और आसपास के इलाकों की स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। एयरलाइन ने भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी फैसले सावधानीपूर्वक लिए जा रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

2