T20 World Cup: ICC Men’s T20 World Cup के 39वें मुकाबले में Afghanistan ने कनाडा को 82 रन से हराकर जीत के साथ अपने अभियान का समापन किया। हालांकि यह जीत टीम को अगले चरण में नहीं पहुंचा सकी और इसी के साथ टूर्नामेंट में उसका सफर खत्म हो गया। मैच के बाद कप्तान Rashid Khan पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन के दौरान भावुक नजर आए। यह मुकाबला हेड कोच Jonathan Trott के कार्यकाल का भी आखिरी मैच साबित हुआ।
राशिद खान ने क्या कहा?
राशिद ने ट्रॉट को विदाई देते हुए कहा कि पिछले करीब साढ़े चार वर्षों में उन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। टीम की मौजूदा सफलता में उनका बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि कोच को विदा करना भावुक पल है, लेकिन आगे बढ़ना ही खेल का नियम है। प्लेयर ऑफ द मैच Ibrahim Zadran ने भी अपना अवॉर्ड जोनाथन ट्रॉट को समर्पित करते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।
साउथ अफ्रीका से हार का असर
राशिद ने टूर्नामेंट में टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा कि South Africa के खिलाफ मिली करीबी हार ने खिलाड़ियों को मानसिक रूप से झकझोर दिया था। इससे टीम की स्थिति कमजोर हुई। उन्होंने माना कि भविष्य में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी और डेथ ओवर्स की गेंदबाजी (Death Overs Bowling) में सुधार की जरूरत है। राशिद ने चेन्नई, अहमदाबाद और दिल्ली के फैंस का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि भारत में मिले समर्थन ने उन्हें कभी विदेशी धरती पर खेलने का अहसास नहीं होने दिया। उन्होंने भावुक अपील की कि प्रशंसक आगे भी टीम का इसी तरह हौसला बढ़ाते रहें।
मैच का हाल
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने इब्राहिम जादरान की 56 गेंदों में नाबाद 95 रन की विस्फोटक पारी के दम पर 20 ओवर में 200/4 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में कनाडा की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले में ही 33 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 118 रन ही बना सकी। राशिद खान ने भी गेंद से योगदान देते हुए 19 रन देकर दो विकेट झटके। यह जीत रन अंतर के लिहाज से टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अफगानिस्तान की चौथी सबसे बड़ी जीत रही।