Nuji National Conference Agra 2026 : इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (आईएफजे) से संबद्ध नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) (एनयूजेआई) का राष्ट्रीय सम्मेलन एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 6 और 7 जून 2026 को आगरा के खंदारी परिसर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के जेपी ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी। दो दिवसीय इस महत्वपूर्ण आयोजन में देश के 25 राज्यों से 200 से अधिक पत्रकार प्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी भाग लेंगे। सम्मेलन में मीडिया जगत से जुड़े समसामयिक मुद्दों, पत्रकारों की समस्याओं, मीडिया की बदलती चुनौतियों तथा संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन की अध्यक्षता एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी करेंगे। कार्यक्रम में कई प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक हस्तियां शामिल होकर पत्रकारों को संबोधित करेंगी। इनमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी प्रमुख रूप से शामिल हैं।
एनयूजेआई के महासचिव प्रदीप तिवारी ने जारी प्रेस बयान में बताया कि राष्ट्रीय सम्मेलन और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक संगठन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों का सामना कर रही है, ऐसे में देशभर से आए प्रतिनिधि पत्रकारिता के भविष्य, मीडिया की स्वतंत्रता, पत्रकारों की सुरक्षा और कल्याण संबंधी विषयों पर अपने विचार रखेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि सम्मेलन के दौरान एनयूजेआई के आगामी संगठनात्मक चुनावों की रूपरेखा और कार्यक्रम की घोषणा भी की जाएगी।
एनयूजेआई के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रमोद गोस्वामी ने जानकारी दी कि सम्मेलन का पहला सत्र 6 जून को अपराह्न 3 बजे आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं सम्मेलन का दूसरा सत्र 7 जून को सुबह 11 बजे आयोजित होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे और पत्रकारों को संबोधित करेंगे।
एनयूजे उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे और महासचिव द्विजेन्द्र शर्मा ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सम्मेलन के सफल संचालन के लिए एक विशेष आयोजन समिति का गठन किया गया है। समिति में एनयूजे उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष अजेन्द्र चौहान, सचिव पीयूष शर्मा, एनयूजे आगरा के जिला अध्यक्ष के.पी. सिंह, महासचिव दिलीप सुराना, सचिव नितिन श्रीवास्तव तथा उपाध्यक्ष सचिव श्रीवास्तव सहित कई पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन पत्रकारों के लिए विचार-विमर्श और संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इसमें मीडिया क्षेत्र के सामने मौजूद चुनौतियों, डिजिटल पत्रकारिता के बढ़ते प्रभाव, पत्रकार हितों की सुरक्षा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उपायों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। देशभर से आने वाले पत्रकार प्रतिनिधियों की भागीदारी इस सम्मेलन को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व प्रदान करेगी।
ये भी पढ़े…
AI आपकी नौकरी छीन लेगा या नई नौकरी देगा? जानिए भविष्य की नौकरियों का पूरा सच
Bengal Election 2026: TMC की हार के 5 सबसे बड़े कारण- BJP कैसे जीत गई?