Election Result 2026 : देश की राजनीति के लिए 2026 के विधानसभा चुनाव परिणाम बेहद अहम साबित होते दिख रहे हैं। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी के रुझानों ने कई बड़े राजनीतिक संदेश दिए हैं। सबसे बड़ी चर्चा पश्चिम बंगाल की है, जहां भारतीय जनता पार्टी पहली बार स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। वहीं तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके ने सभी को चौंका दिया है। दूसरी तरफ असम में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत साबित कर दी है।
बंगाल में बदलती राजनीति
पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने वह कर दिखाया है, जिसका पार्टी लंबे समय से इंतजार कर रही थी। शुरुआती रुझानों में बीजेपी 170 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाती दिख रही है। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं तो राज्य में पहली बार बीजेपी सरकार बना सकती है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के लिए यह सबसे बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। पिछले डेढ़ दशक से बंगाल की सत्ता पर काबिज टीएमसी इस बार बीजेपी की आक्रामक रणनीति और संगठन के सामने कमजोर पड़ती दिख रही है। चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने लगातार बंगाल में रैलियां की थीं, जिसका असर नतीजों में दिखाई देता नजर आ रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हिंदुत्व, महिला वोटर्स और केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों पर बीजेपी का फोकस इस चुनाव में निर्णायक साबित हुआ।
असम में हिमंता फिर मजबूत
असम में बीजेपी गठबंधन लगातार दूसरी बार सत्ता में लौटता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने चुनाव प्रचार के दौरान विकास, कानून व्यवस्था और बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था।
कांग्रेस के गौरव गोगोई और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल बीजेपी के सामने बड़ी चुनौती पेश नहीं कर सके। रुझानों में बीजेपी को स्पष्ट बढ़त मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।
तमिलनाडु में विजय की एंट्री ने बदला खेल
तमिलनाडु चुनाव का सबसे बड़ा सरप्राइज अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम यानी टीवीके रही। पहली बार चुनाव मैदान में उतरी पार्टी ने शतक के करीब पहुंचकर डीएमके और एआईडीएमके दोनों की राजनीतिक गणित बिगाड़ दी है।
महिलाओं के लिए मुफ्त योजनाओं, युवाओं को रोजगार और भ्रष्टाचार विरोधी अभियान ने विजय को युवाओं और महिलाओं के बीच लोकप्रिय बनाया। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि विजय अब तमिलनाडु की राजनीति में तीसरी बड़ी ताकत बनकर उभरे हैं।
केरल में कांग्रेस को राहत
केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। लंबे समय बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह नजर आ रहा है। वाम मोर्चे के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर और बेरोजगारी जैसे मुद्दों का फायदा कांग्रेस को मिलता दिख रहा है। हालांकि अंतिम नतीजों का इंतजार अभी बाकी है, लेकिन शुरुआती रुझानों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई उम्मीद जगा दी है।
एग्जिट पोल साबित होते दिख रहे सही
दिलचस्प बात यह रही कि ज्यादातर एग्जिट पोल ने पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी की मजबूत स्थिति का अनुमान लगाया था। अब शुरुआती रुझान उसी दिशा में जाते नजर आ रहे हैं। इन चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया है कि देश की राजनीति तेजी से बदल रही है। जहां बीजेपी नए राज्यों में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है, वहीं क्षेत्रीय दलों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। तमिलनाडु में विजय की एंट्री और बंगाल में बीजेपी का उभार आने वाले लोकसभा चुनावों की राजनीति पर भी बड़ा असर डाल सकता है।