T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में 4 भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा, जानिए कौन है वो चैंपियंस

टीम इंडिया के टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनने के बाद ICC ने टीम ऑफ द टूर्नामेंट का ऐलान किया है। ICC ने अपनी टीम में 4 इंडियन प्लेयर्स को जगह दी है, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव का नाम शामिल नहीं है।

T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीत लिया। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के बाद आईसीसी ने टूर्नामेंट की टीम ऑफ द टूर्नामेंट की घोषणा भी कर दी है। इस टीम में चार भारतीय खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। हालांकि, शानदार प्रदर्शन के बावजूद सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा को जगह नहीं मिल पाई। आईसीसी की इस टीम में भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के दो-दो खिलाड़ियों को चुना गया है, जबकि पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे से एक-एक खिलाड़ी को मौका मिला है।

संजू सैमसन को ओपनर के रूप में चुना गया

आईसीसी ने अपनी टीम में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान के साथ भारत के संजू सैमसन को ओपनर के तौर पर जगह दी है। फरहान इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वहीं भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन को तीसरे नंबर पर रखा गया है। ईशान इस वर्ल्ड कप में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इसके अलावा ग्रुप स्टेज में बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले अमेरिका के शैडली शान शाल्कविक को 12वें खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल किया गया है।

भारत के चार खिलाड़ियों को मिली जगह

आईसीसी ने खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया है। टीम ऑफ द टूर्नामेंट में भारत के चार खिलाड़ियों—संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को जगह मिली है। इन सभी खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया।

जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज को भी मिला मौका

इस टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे की टीम ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। टीम के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को भी आईसीसी की इस टीम में शामिल किया गया है। वहीं इंग्लैंड के दो खिलाड़ी विल जैक्स और आदिल रशीद भी टीम में जगह बनाने में सफल रहे। विल जैक्स ने इंग्लैंड को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, जबकि आदिल रशीद ने गेंदबाजी से शानदार प्रदर्शन किया।

एडेन मार्करम बने टीम के कप्तान

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम को भी टीम ऑफ द टूर्नामेंट में शामिल किया गया है और उन्हें इस टीम का कप्तान बनाया गया है। उनके साथ टीम के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को भी जगह मिली है। वहीं वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्डर भी इस टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने सात मैचों में कुल 10 विकेट हासिल किए।

आईसीसी की टीम ऑफ द टूर्नामेंट

साहिबजादा फरहान, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, एडेन मार्करम (कप्तान), हार्दिक पांड्या, विल जैक्स, जेसन होल्डर, जसप्रीत बुमराह, लुंगी एनगिडी, आदिल रशीद, ब्लेसिंग मुजरबानी और शैडली शान शाल्कविक (12वां खिलाड़ी)।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

2

2