US Israel Iran War: मिडिल ईस्ट में अचानक बढ़े सैन्य तनाव का असर अब खेल जगत पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सुरक्षा हालात बिगड़ने के चलते England and Wales Cricket Board (ECB) ने बड़ा फैसला लेते हुए UAE में जारी इंग्लैंड लॉयन्स का दौरा रद्द कर दिया है। इसके साथ ही इंग्लैंड महिला टीम का प्रस्तावित ट्रेनिंग कैंप भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हवाई हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। एहतियातन ECB खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को अबू धाबी से सुरक्षित ब्रिटेन वापस लाने की व्यवस्था कर रहा है। इंग्लैंड लॉयन्स टीम UAE में पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज खेल रही थी। पांच वनडे मैचों की सीरीज में दूसरा मुकाबला पहले ही रद्द हो चुका था, जबकि अब बाकी तीन मैच भी स्थगित कर दिए गए हैं।
महिला टीम का T20 वर्ल्ड कप कैंप भी टला
इंग्लैंड महिला टीम जून-जुलाई में ब्रिटेन में होने वाले T20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिए अबू धाबी में ट्रेनिंग कैंप लगाने वाली थी। मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए ECB ने इस कैंप को भी रद्द करने का फैसला किया है। महिला टीम अक्टूबर 2025 के ODI वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेली है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि टीम की तैयारियों पर असर न पड़े, इसके लिए वैकल्पिक योजनाओं पर काम शुरू कर दिया गया है। ECB ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि इंग्लैंड लॉयन्स दौरे का शेष हिस्सा रद्द कर दिया गया है और सभी खिलाड़ियों व स्टाफ को सुरक्षित घर वापस लाने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही, गल्फ क्षेत्र की अस्थिरता को देखते हुए महिला टीम का T20 वर्ल्ड कप कैंप अबू धाबी में आयोजित नहीं किया जाएगा।
एयरस्पेस बंद, उड़ानों पर व्यापक असर
मिडिल ईस्ट में कई देशों द्वारा एयरस्पेस बंद किए जाने से हजारों उड़ानें प्रभावित हुई हैं। इसका असर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीमों की यात्रा पर भी पड़ा है। पुरुष T20 वर्ल्ड कप में भाग लेने के बाद भारत से लौट रही जिम्बाब्वे टीम की वापसी में देरी हुई है। वहीं, वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने भी पुष्टि की है कि उनकी टीम के खिलाड़ी अंतिम मैच के बाद वहीं रुके हुए हैं।
International Cricket Council (ICC) ने कहा है कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। फिलहाल T20 वर्ल्ड कप के समापन कार्यक्रम पर सीधा असर पड़ने की आशंका नहीं जताई गई है। हालांकि, यदि क्षेत्रीय तनाव लंबे समय तक जारी रहता है तो इंग्लैंड पुरुष टीम की स्वदेश वापसी भी प्रभावित हो सकती है।