Bolivia Plane Crash: रनवे से फिसला करंसी लदा विमान, सड़क पर बिखरे नोट; 15 लोगों की गई जान

Bolivia Plane Crash: दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में बड़ा विमान हादसा हुआ। बोलीविया एयरफोर्स का हरक्यूलिस सी 130 विमान रनवे से फिसलकर एयरपोर्ट की बाउंड्री तोड़ते हुए सड़क पर जा गिरा।

Bolivia Plane Crash: दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में शुक्रवार (27 फरवरी) को बड़ा विमान हादसा हो गया। राजधानी ला पाज के पास स्थित एल आल्टो शहर में बोलीवियाई वायुसेना का Lockheed C-130 Hercules विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं।

रनवे से फिसलकर सड़क पर जा गिरा विमान

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान लैंडिंग या टेकऑफ के दौरान रनवे से फिसल गया और एयरपोर्ट की बाउंड्री तोड़ते हुए पास की सड़क पर जा गिरा। इसके बाद विमान कई कारों और अन्य वाहनों से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवर ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि मृतकों में विमान सवार लोग शामिल हैं या फिर सड़क पर मौजूद वाहन सवार।

सड़क पर बिखरे नए बैंक नोट

रिपोर्ट्स में बताया गया है कि यह सैन्य विमान देश के विभिन्न हिस्सों में नए बैंक नोट पहुंचाने जा रहा था। दुर्घटना के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में नोट बिखर गए, जिनके वीडियो भी सामने आए हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक विमान ने इससे पहले सांता क्रूज़ से उड़ान भरी थी और एल आल्टो में उतरते समय रनवे से फिसलने के बाद पास की सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

स्थानीय मीडिया आउटलेट Unitel ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि विमान देश के अंदरूनी क्षेत्रों में मुद्रा पहुंचाने के मिशन पर था। वहीं, राष्ट्रीय एयरलाइन Boliviana de Aviación ने बयान जारी कर स्पष्ट किया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था। हादसे के बाद एल आल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। फिलहाल हादसे की जांच जारी है और अधिकारियों ने विस्तृत रिपोर्ट आने तक अटकलों से बचने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

2