CM Yogi Japan Visit: टोक्यो में योगी का जोरदार स्वागत, यूपी-जापान औद्योगिक साझेदारी को मिलेगा बल
CM Yogi Japan Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोनोइके को यूपी में बने मेडिकल डिवाइस पार्क में मेडिकल उपकरण मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने के लिए भी आमंत्रित किया।
CM Yogi Japan Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जापान पहुंच गए हैं। राजधानी टोक्यो में उनका भव्य स्वागत किया गया। जापान पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक संदेश देते हुए कहा कि “उगते सूरज की नवोन्मेषी भूमि को प्रभु श्रीराम की पावन धरा के ‘आदित्य’ का नमस्कार।” उनके इस वक्तव्य को भारत और जापान के बीच गहरे सांस्कृतिक एवं आर्थिक रिश्तों की अभिव्यक्ति माना जा रहा है।
मित्सुई एंड कंपनी के साथ रणनीतिक वार्ता
जापान दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने Mitsui & Co. के शीर्ष प्रबंधन से मुलाकात की। बैठक में उत्तर प्रदेश में रिन्यूएबल एनर्जी, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT), सेमीकंडक्टर निर्माण और डेटा सेंटर जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कंपनी को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश तेज आर्थिक वृद्धि, नवाचार और वैश्विक साझेदारी के लिए उपयुक्त वातावरण प्रदान कर रहा है।
लॉजिस्टिक्स और मेडिकल डिवाइस सेक्टर पर फोकस
टोक्यो में ही मुख्यमंत्री ने Konoike Transport Co., Ltd. के वरिष्ठ प्रबंध कार्यकारी अधिकारी शिगेकी तानाबे से भी मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग और मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में संभावित निवेश पर विस्तार से बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री ने कंपनी को राज्य में विकसित हो रहे मेडिकल डिवाइस पार्क में निर्माण इकाई स्थापित करने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को उद्योग अनुकूल नीतियां, बेहतर कनेक्टिविटी और मजबूत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र उपलब्ध करा रही है।
औद्योगिक सहयोग को मिलेगी नई रफ्तार
योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया कि जापानी कंपनियों का बढ़ता निवेश भारत-जापान औद्योगिक संबंधों को और सुदृढ़ करेगा। उनके अनुसार यह दौरा उत्तर प्रदेश में रोजगार सृजन, तकनीकी उन्नयन और औद्योगिक विकास को नई गति देगा। जापान यात्रा के दौरान अन्य उद्योग समूहों और संभावित निवेशकों के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनसे राज्य में बड़े निवेश समझौतों की उम्मीद की जा रही है।