CM Yogi Singapore Visit: UP बनेगा डेटा सेंटर और लॉजिस्टिक्स हब? CM योगी ने दिया निवेशकों को खुला न्योता

CM Yogi Singapore Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। उन्होंने वहां के दिग्गज उद्योगपतियों से मुलाकात कर डेटा सेंटर और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में यूपी के लिए बड़े निवेश की अपील की है।

CM Yogi Singapore Visit:  Yogi Adityanath 22 से 24 फरवरी तक सिंगापुर के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं। यात्रा के पहले ही दिन वह पूरी सक्रियता में नजर आए। उन्होंने सिंगापुर के प्रमुख उद्योगपति और Temasek Holdings के चेयरमैन टीओ ची हियान के साथ अहम बैठक की। इस चर्चा का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के औद्योगिक ढांचे में बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश आकर्षित करना था।

बैठक के दौरान डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स हब और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश में मजबूत नीतिगत ढांचा और फास्ट-ट्रैक क्लीयरेंस सिस्टम लागू है, जिससे कारोबार करना पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गया है।

ग्लोबल निवेशकों के सामने रखा ‘नया यूपी’

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस बैठक को सकारात्मक और परिणामकारी बताया। उन्होंने कहा कि संप्रभु निवेश भागीदारी के नए अवसरों पर गंभीर चर्चा हुई। योगी आदित्यनाथ ने निवेशकों को बताया कि उत्तर प्रदेश देश के तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार निवेशकों को सुरक्षा, सुविधाएं और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसे वैश्विक मंच पर यूपी की सशक्त ब्रांडिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

GIC के साथ दीर्घकालिक साझेदारी पर बातचीत

टेमासेक के अलावा मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की प्रमुख निवेश संस्था GIC के सीईओ लिम चो किआट और उनकी टीम से भी मुलाकात की। बैठक में इंडस्ट्रियल पार्क, शहरी विकास और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में दीर्घकालिक संस्थागत निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

सीएम ने गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना में आईआरबी और ग्रीनको के साथ जारी साझेदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे। उन्होंने जीआईसी को भविष्य की प्रमुख परियोजनाओं में भागीदार बनने का आमंत्रण भी दिया।

आर्थिक सहयोग को नई दिशा

तीन दिवसीय इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश और सिंगापुर के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाना है। मुख्यमंत्री की मुलाकातें न केवल उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से, बल्कि सिंगापुर के शीर्ष नेतृत्व से भी प्रस्तावित हैं। उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद है कि इस यात्रा के दौरान प्रदेश के लिए कई बड़े निवेश समझौते अंतिम रूप ले सकते हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.