Namo Bharat: ‘दिल्ली में घर किराए पर लेने की जरूरत नहीं’, मेरठ से PM मोदी का बड़ा संदेश

Namo Bharat: मेरठ में नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर सेवा शुरू की और विकास और रोजगार पर जोर दिया।

Namo Bharat: Narendra Modi ने रविवार (22 फरवरी 2026) को मेरठ के शताब्दी नगर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में Namo Bharat और मेरठ मेट्रो का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर दोनों सेवाओं को रवाना किया और इसे उत्तर प्रदेश व पूरे एनसीआर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

युवाओं से मुलाकात और बदले माहौल का जिक्र

पीएम मोदी ने बताया कि उद्घाटन से पहले उन्होंने मेरठ मेट्रो में यात्रा की और इस दौरान कई स्कूल-कॉलेज के छात्रों से बातचीत की। युवाओं ने उनसे कहा कि उन्होंने ऐसे आधुनिक और सुरक्षित परिवहन की कल्पना नहीं की थी। प्रधानमंत्री ने पुराने दौर का जिक्र करते हुए कहा कि कभी शाम होते ही पूरे मार्ग पर सन्नाटा और असुरक्षा का माहौल रहता था।

लेकिन अब कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ लोगों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा का साधन मिला है। प्रधानमंत्री ने नमो भारत रैपिड रेल को नारीशक्ति की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में ट्रेन ऑपरेटर और स्टेशन कंट्रोल स्टाफ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर महिलाएं जिम्मेदारी संभाल रही हैं। यह नए भारत की तस्वीर है, जहां महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं।

प्रधानमंत्री का विपक्ष पर निशाना

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विपक्ष, खासकर Indian National Congress पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उन्होंने कांग्रेस से विकास के मुद्दे पर मुकाबला करने की अपील की थी, लेकिन विपक्ष नकारात्मक राजनीति से बाहर नहीं आया। पीएम ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी है और मेट्रो विस्तार इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में देश के केवल पांच शहरों में मेट्रो सेवा थी, जबकि आज 25 से अधिक शहरों में मेट्रो संचालित हो रही है। पहले इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं घोटालों में उलझ जाती थीं और तकनीक विदेशों से लानी पड़ती थी, जबकि अब देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने जेवर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह की परियोजनाएं निर्माण के दौरान रोजगार देती हैं और बाद में उद्योग व कारोबार को गति देकर स्थायी अवसर पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश श्रम और सृजन की भूमि है और सरकार की प्राथमिकता विकास, सुविधा और समृद्धि है। नमो भारत सेवा शुरू होने के बाद मेरठ से दिल्ली के बीच लगभग 88 किलोमीटर की दूरी अब करीब 55 मिनट में तय की जा सकेगी, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बड़ा बल मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.