Shikhar Dhawan Second Marriage: शिखर धवन ने रचाई दूसरी शादी, करीबी रिश्तेदार रहे मौजूद

Shikhar Dhawan Second Marriage: भारतीय टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज शिखर धवन ने 21 फरवरी को शादी रचाई है। टी-20 वर्ल्ड कप के बीच धवन ने दूसरी शादी रचाई है। वह लंबे समय से डेट भी कर रहे थे।

Shikhar Dhawan Second Marriage: भारत और श्रीलंका में जारी टी20 विश्व कप 2026 के बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर Shikhar Dhawan ने अपनी निजी जिंदगी की नई पारी शुरू कर दी है। धवन ने सोफी शाइन के साथ दूसरी शादी की है। इससे पहले 12 जनवरी को दोनों ने सगाई की थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं।

पहली शादी का अंत 2023 में

धवन की पहली शादी Aesha Mukerji से हुई थी। अक्टूबर 2023 में दोनों का आधिकारिक रूप से तलाक हो गया, जिसके साथ ही 11 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया। साल 2011 में विवाह बंधन में बंधे इस कपल ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था। तलाक के बाद धवन की जिंदगी में सोफी शाइन की एंट्री हुई। दोनों लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे और अब शादी के बंधन में बंधकर अपनी नई शुरुआत कर चुके हैं। क्रिकेट के मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर धवन ने अब निजी जीवन में भी नई पारी का आगाज कर दिया है।

कौन हैं सोफी शाइन?

Shikhar Dhawan की पत्नी सोफी शाइन मूल रूप से आयरलैंड की रहने वाली हैं। वह पेशे से प्रोडक्ट कंसल्टेंट हैं। सोफी ने Limerick Institute of Technology से ग्रेजुएशन किया है और Castletroy College से मार्केटिंग व मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी की। करियर की बात करें तो वह यूएई में Northern Trust Corporation में सेकंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर भी काम कर चुकी हैं। हाल ही में सोफी ने हल्दी सेरेमनी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं, जिनमें वह शिखर धवन के साथ नजर आईं।

धवन का इंटरनेशनल करियर

शिखर धवन ने अगस्त 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया था। उन्होंने भारत के लिए 34 टेस्ट मैचों में 40.61 की औसत से 2315 रन बनाए। इसके अलावा 167 वनडे मुकाबलों में उनके नाम 6793 रन दर्ज हैं, जबकि 68 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 1759 रन बनाए। धवन ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मुकाबला साल 2022 में खेला था। इसके बाद वह लगातार राष्ट्रीय टीम से बाहर रहे और अंततः उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.