IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में फिर आमने-सामने आ सकते हैं भारत-पाक, जानें क्या है पूरा गणित
IND vs PAK: भारतीय टीम ने पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप मुकाबले में मात देने के साथ सुपर-8 में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। वहीं अभी दोनों टीमों के बीच टूर्नामेंट में एकबार फिर से भिड़ंत देखने को मिल सकती है।
IND vs PAK: India national cricket team ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना शानदार अभियान जारी रखते हुए 15 फरवरी को ग्रुप-ए में खेले गए मुकाबले में Pakistan national cricket team को 61 रनों से हराया। डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ने इस जीत के साथ सुपर-8 चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब अगली चुनौती 18 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ होने वाले ग्रुप स्टेज के अंतिम मुकाबले में होगी।
इसके बाद भारतीय टीम 22 फरवरी से सुपर-8 में अपना अभियान शुरू करेगी। हालांकि मौजूदा टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की दोबारा भिड़ंत की संभावनाएं अभी भी बनी हुई हैं, लेकिन यह सुपर-8 चरण में नहीं होगी।
सुपर-8 में क्यों नहीं होगा आमना-सामना?
आईसीसी द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 20 टीमों को चार ग्रुप A, B, C और D में विभाजित किया गया था। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सुपर-8 में पहुंचती हैं, जहां उन्हें पहले से तय प्रारूप के तहत दो अलग-अलग ग्रुप X और Y में रखा गया है। भारत को ग्रुप X में स्थान मिला है, जबकि पाकिस्तान ग्रुप Y का हिस्सा है। ऐसे में सुपर-8 दौर में दोनों टीमों का आमना-सामना संभव नहीं है।
सेमीफाइनल में बन सकता है मुकाबला
यदि टीम इंडिया सुपर-8 के ग्रुप X में शीर्ष स्थान हासिल करती है, तो उसका सेमीफाइनल मुकाबला ग्रुप Y की दूसरे नंबर की टीम से होगा। ऐसे में यदि पाकिस्तान Y ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहता है, तो दोनों के बीच सेमीफाइनल में टक्कर हो सकती है। दूसरी ओर, अगर भारत ग्रुप X में दूसरे स्थान पर रहता है, तो उसे Y ग्रुप की शीर्ष टीम से भिड़ना होगा और उस स्थिति में भी पाकिस्तान प्रतिद्वंद्वी हो सकता है।
फाइनल में भी संभव है टकराव
अगर सेमीफाइनल में दोनों टीमें आमने-सामने नहीं आतीं, तो फाइनल में उनकी भिड़ंत की संभावना बनी रहती है, बशर्ते दोनों अपनी-अपनी सेमीफाइनल जीत लें। पाकिस्तान की टीम पहले भी बड़ी हार के बाद वापसी करती रही है, हालांकि इस बार उसका प्रदर्शन चुनौतीपूर्ण नजर आ रहा है। फिर भी यदि दोनों टीमें फाइनल तक पहुंचती हैं, तो खिताबी मुकाबले में क्रिकेट जगत को एक और हाई-वोल्टेज भारत-पाक मैच देखने को मिल सकता है।