Rajpal Yadav Case: संकट में साथ आए राजपाल यादव के चहेते डायरेक्टर, बढ़ाई एक्टर की फीस
Rajpal Yadav Case: कॉमेडी के लिए मशहूर अभिनेता राजपाल यादव के लिए रविवार का दिन जेल में आखिरी साबित हो सकता है। वह इन दिनों चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं।
Rajpal Yadav Case: कॉमेडी के लिए मशहूर अभिनेता राजपाल यादव के लिए रविवार का दिन जेल में आखिरी साबित हो सकता है। वह इन दिनों चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। सोमवार, 16 फरवरी को इस केस की अगली सुनवाई होनी है, जिस पर उनकी नजरें टिकी हैं।आर्थिक तंगी से जूझ रहे अभिनेता एक फिल्म और उसके फाइनेंसर से जुड़े विवाद में फंस गए थे।
करोड़ों रुपये की देनदारी चुकाने में असमर्थ रहने के बाद उन्हें आत्मसमर्पण करना पड़ा। इस मुश्किल दौर में इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनके समर्थन की बात कही है। इसी बीच उनके करीबी माने जाने वाले निर्देशक प्रियदर्शन ने भी खुलकर साथ देने का ऐलान किया है और उनकी फीस बढ़ाने का फैसला लिया है।
क्या है पूरा मामला?
राजपाल यादव 2012 में रिलीज हुई फिल्म अता पता लापता से जुड़े चेक बाउंस केस में सजा काट रहे हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही थी। बताया जाता है कि फिल्म के लिए उन्होंने बैंक से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था, जिसे वे समय पर नहीं चुका सके।
लगातार चेक बाउंस होने के बाद उन्हें नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत दोषी ठहराया गया। ब्याज, जुर्माना और देरी के कारण बकाया रकम बढ़ते-बढ़ते लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। अदालत के आदेश पर उन्हें सरेंडर करना पड़ा था। अब सोमवार की सुनवाई उनके लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
प्रियदर्शन ने बढ़ाई फीस, दिया खुला समर्थन
निर्देशक प्रियदर्शन, जिन्होंने राजपाल यादव के साथ कई हिट फिल्मों में काम किया है, ने इस संकट की घड़ी में उनका साथ देने का फैसला किया है। उन्होंने निर्माताओं से बात कर राजपाल की फीस बढ़ाने की सिफारिश की। प्रियदर्शन और राजपाल की जोड़ी मलामाल वीकली, भागम भाग, चुप चुप के, दे दाना दान और भूल भुलैया जैसी फिल्मों में साथ नजर आ चुकी है।
मीडिया से बातचीत में प्रियदर्शन ने बताया कि वह राजपाल को दो दशकों से जानते हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार उन्होंने उन्हें फिल्म ‘जंगल’ में देखा था और उनके अभिनय से प्रभावित हुए थे। प्रियदर्शन के मुताबिक, उन्होंने अपनी अगली फिल्म के निर्माताओं से राजपाल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए उन्हें तय फीस से अधिक भुगतान करने को कहा, जिस पर निर्माता भी सहमत हो गए।
उन्होंने यह भी कहा कि राजपाल एक नेक इंसान हैं और कम शिक्षा की वजह से उनसे गलती हो गई। प्रियदर्शन ने बताया कि वह हमेशा अपनी फिल्मों और विज्ञापनों में राजपाल को काम देते रहे हैं और आगे भी उनका साथ देंगे।