UP Crime: मुख्तार अंसारी के करीबी शोएब की हत्या, हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

UP Crime: बाराबंकी में मुख्तार अंसारी के शूटर शोएब उर्फ़ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बॉबी पर 10 गोलियां दागी गई हैं। पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

UP Crime: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में कुख्यात अपराधी और पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के कथित शूटर शोएब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उस पर करीब 10 राउंड फायरिंग की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े वारदात

पुलिस के मुताबिक घटना लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असैनी मोड़ के पास हुई। बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

ड्राइविंग सीट पर मिला शव

एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। वहां नीले रंग की बलेनो कार की ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जिसके शरीर पर कई गोलियों के निशान थे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की पहचान शोएब किदवई के रूप में हुई है, जो कोतवाली क्षेत्र का निवासी और हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।

मुख्तार अंसारी के गिरोह का था शोएब 

शोएब को मुख्तार अंसारी के गिरोह से जुड़ा माना जाता था। वह लखनऊ के चर्चित जेलर हत्याकांड समेत कई मामलों में आरोपी रह चुका था। हाल के वर्षों में वह बाराबंकी में वकालत कर रहा था। पुलिस के अनुसार, उस पर पांच-छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गौरतलब है कि मुख्तार अंसारी पर हत्या, अपहरण और रंगदारी जैसे कई गंभीर आरोप थे। 2005 में कृष्णानंद राय हत्याकांड में जेल भेजे जाने के बाद वह लगातार जेल में रहे। 28 मार्च 2024 को बांदा जेल में उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई थी। फिलहाल पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है और घटना के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

रात में देर से सोने की आदत पड़ सकती है भारी! CIBIL Score कम हो रहा है? 7 बड़ी गलतियां जानिए, ऐसे बनाएं 750+ Credit Score