Delhi News: शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर 80 लाख की लूट, बवाना में व्यापारी का मर्डर

Delhi News: राजधानी दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर बदमाशों ने मनी ट्रांसफर कंपनी के एक कर्मचारी को निशाना बनाते हुए करीब 80 लाख रुपये लूट लिए। वहीं, दूसरी ओर बवाना इलाके में दिनदहाड़े एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

Delhi News: नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर मनी ट्रांसफर कर्मचारियों को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। बदमाशों ने मनी ट्रांसफर का काम करने वाले अकील पर पीछे से 3 से 4 राउंड फायरिंग की और उसके पास मौजूद करीब 80 लाख रुपये नकद से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। गोली लगने से अकील गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वारदात के समय अकील के साथ उसका साथी शाहिद भी मौजूद था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

बवाना में व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या

उधर, दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक फैक्टरी के बाहर अज्ञात बदमाशों ने 35 वर्षीय व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, तीन से चार हथियारबंद हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और प्लास्टिक व्यापारी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। पुलिस को दोपहर करीब 12:51 बजे महाराजा अग्रसेन अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया है, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान बवाना निवासी वैभव गांधी के रूप में हुई है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.