बजट सत्र के दौरान लोकसभा में हंगामा.. पेपर उछालने पर 8 सांसदों पर कार्रवाई, पुरे सत्र के लिए निलंबित
लोकसभा में राहुल गांधी लगातार चीन से जुड़े मुद्दे पर बोल रहे थे, जिसके बाद पीठासीन स्पीकर ने उन्हें संबोधित करने से रोक दिया। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। हंगामे के दौरान कुछ विपक्षी सांसद टेबल पर चढ़ गए, जबकि कुछ ने आसन की ओर हवा में कागज उछालने शुरू कर दिए।
Loksabha 2026: लोकसभा में स्पीकर की ओर कागज उछालने के मामले में विपक्ष के 8 सांसदों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। हंगामे के दौरान स्पीकर ओम बिरला ने इन सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया। आरोप है कि इन सांसदों ने स्पीकर की कुर्सी के पास जाकर पेपर फेंके। लगातार हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही नहीं चल सकी और लोकसभा को कल सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
राहुल गांधी ने फिर उठाया चीन का मुद्दा
दरअसल, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण के दौरान माहौल उस वक्त बिगड़ गया, जब उन्होंने एक बार फिर चीन से जुड़ा मुद्दा उठाया। जैसे ही राहुल गांधी ने बोलना शुरू किया, सदन में शोर-शराबा तेज हो गया। राहुल अपनी बात रखने पर अड़े रहे, लेकिन हंगामे के कारण उनका भाषण पूरा नहीं हो सका। हालात इतने बिगड़ गए कि सदन की कार्यवाही को कई बार रोकना पड़ा। इसी दौरान कुछ सांसदों ने आसन की ओर कागज के टुकड़े उछाल दिए।
जब लोकसभा की कार्यवाही चौथी बार दोपहर 3 बजे शुरू हुई, तब संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पेपर उछालने वाले सांसदों को शेष सत्र के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को सदन ने मंजूरी दे दी।