T20 WC 2026: भारत से खेलने से इनकार पर ICC का सख्त रुख, PCB पर मंडराया कार्रवाई का खतरा

T20 WC 2026: 2026 टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में हिस्सा नहीं लेगी। पाकिस्तान सरकार ने रविवार को इस फैसले की घोषणा की।

T20 WC 2026: 2026 टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होने वाली है। टूर्नामेंट शुरू होने में अब सिर्फ 5 दिन बचे हैं, लेकिन इससे पहले ही पाकिस्तान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। रविवार को पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने ऐलान किया कि उनकी टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी। हालांकि अभी तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस फैसले की आधिकारिक जानकारी इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को नहीं दी है। अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर कायम रहता है और 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरता, तो उसे भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

क्या ICC पाकिस्तान पर कार्रवाई करेगा?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB ने अभी तक ICC को भारत से मैच न खेलने के फैसले की सूचना नहीं दी है। जब PCB आधिकारिक तौर पर ICC को इसकी जानकारी देगा, तभी ICC इस मामले में कोई कदम उठा सकती है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान को 2026 टी20 वर्ल्ड कप से बाहर किया जा सकता है। इसके अलावा ICC पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के लिए विदेशी खिलाड़ियों को NOC देने से भी इनकार कर सकती है।

पाकिस्तान ने ऐसा फैसला क्यों लिया?

माना जा रहा है कि पाकिस्तान ने यह कदम बांग्लादेश को समर्थन देने के लिए उठाया है। इससे पहले बांग्लादेश ने भी 2026 टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेने की घोषणा की थी। दरअसल, बांग्लादेश चाहता था कि उसके मैच भारत के बाहर कराए जाएं, लेकिन तय शेड्यूल जारी होने के बाद ICC ने ऐसा करने से मना कर दिया।

इसके बाद पाकिस्तान के खिलाड़ियों और PCB प्रमुख मोहसिन नकवी ने ICC की आलोचना की थी और टूर्नामेंट के बहिष्कार के संकेत दिए थे। अब पाकिस्तान, बांग्लादेश के साथ अपने राजनीतिक रिश्ते मजबूत रखने के लिए भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार कर रहा है।

फिलहाल पाकिस्तान सरकार ने यह साफ नहीं किया है कि अगर टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल या फाइनल में भारत से मुकाबला होता है, तो उस स्थिति में टीम खेलेगी या नहीं। अभी शहबाज सरकार ने सिर्फ 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाक मैच के बहिष्कार की बात कही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

2