Ayodhya News: अयोध्या में सूर्य किरणों से भगवान राम का दिव्य अभिषेक, रामनवमी पर अद्भुत नजारा

Ayodhya News: अयोध्या में रामनवमी पर दोपहर 12 बजे सूर्य की किरणों से रामलला का सूर्य तिलक किया गया। राम नवमी के पावन अवसर पर पूरे अयोध्या में बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

Ayodhya News: चैत्र शुक्ल नवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को देशभर में राम नवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। भगवान राम के जन्मोत्सव के इस खास दिन अयोध्या में भव्य तैयारियां की गईं। दोपहर ठीक 12 बजे रामलला के माथे पर सूर्य की किरणों से विशेष ‘सूर्य तिलक’ किया गया। मान्यता है कि भगवान राम का जन्म भी इसी समय हुआ था। सूर्यवंशी होने के कारण सूर्य देव की किरणों ने लगभग 4 मिनट तक रामलला के मस्तक को स्पर्श किया।

वैज्ञानिकों की मेहनत से संभव हुआ सूर्य तिलक

इस अनोखे सूर्य तिलक के पीछे भारतीय वैज्ञानिकों की लंबी मेहनत है। Indian Institute of Astrophysics ने सूर्य की गति और उसकी किरणों का गहन अध्ययन किया। वहीं Central Building Research Institute के वैज्ञानिकों ने लैब में प्रयोग कर इस व्यवस्था को सफल बनाया। परीक्षण सफल होने के बाद बेंगलुरु की एक संस्था ने राम मंदिर में हाईटेक उपकरण स्थापित किए। दर्पण और लेंस की मदद से सूर्य की किरणों को सही समय पर रामलला के माथे तक पहुंचाया गया।

सूर्य तिलक के बाद महाआरती

रामनवमी के अवसर पर रामलला का जन्मोत्सव सुबह से ही विधि-विधान के साथ शुरू हुआ। सबसे पहले दूध, दही, शहद और सरयू नदी के जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद उन्हें सुंदर वस्त्र और आभूषण पहनाए गए। दोपहर 12 बजे सूर्य तिलक के बाद महाआरती का आयोजन हुआ। योगी आदित्यनाथ ने भी इस आयोजन की जानकारी साझा की थी।

कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजन

श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है।

देशभर में आस्था का पर्व

राम नवमी, चैत्र नवरात्रि का अंतिम दिन होता है, जब नौ दिनों तक देवी के विभिन्न रूपों की पूजा का समापन होता है। पूरे देश में इस पर्व को गहरी आस्था के साथ मनाया जाता है। लोग नौ दिन तक व्रत रखते हैं और इस दौरान सात्विक भोजन, पूजा-पाठ और ध्यान करते हैं। मंदिरों में भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन हो रहा है। अयोध्या में इस दिन का विशेष महत्व है, क्योंकि यहीं भगवान राम का जन्म हुआ था। श्रद्धालु इस अवसर पर प्रभु से शांति, सौहार्द और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

2

2