UP News: 1 अप्रैल से बदलेगा अंडा खरीदने का तरीका, प्रोडक्शन और एक्सपायरी डेट लिखना होगा जरूरी

UP News: यूुपी में अंडों की बिक्री को लेकर नया नियम लागू होने जा रहा है। अब अंडों पर उत्पादन तिथि और एक्सपायरी डेट लिखना अनिवार्य होगा, ताकि ग्राहकों को ताजे और सुरक्षित अंडे मिल सकें।

UP News: उत्तर प्रदेश में Yogi Adityanath सरकार अंडों की बिक्री को लेकर नया नियम लागू करने की तैयारी में है। इसके तहत अब हर अंडे पर उसकी उत्पादन तिथि और एक्सपायरी डेट लिखना अनिवार्य किया जाएगा। इस फैसले का उद्देश्य उपभोक्ताओं को ताजे और सुरक्षित अंडे उपलब्ध कराना है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद दुकानदार पुराने या खराब अंडे नहीं बेच पाएंगे, वहीं ग्राहक भी तारीख देखकर उनकी गुणवत्ता का आसानी से अंदाजा लगा सकेंगे।

इस संबंध में सरकार ने बैठक भी की है और संभावना है कि यह नियम 1 अप्रैल से लागू हो जाएगा। पशुपालन विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग को इसे सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, अंडे सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े होते हैं, लेकिन पहले कई जगहों पर पुराने अंडे बेचे जाते थे और ग्राहकों को इसकी जानकारी नहीं होती थी। अब उत्पादन और एक्सपायरी डेट अनिवार्य होने से बिक्री में पारदर्शिता आएगी और उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता के अंडे मिल सकेंगे।

नए नियम के तहत यदि कोई थोक या खुदरा विक्रेता इसका उल्लंघन करता है, तो उसके अंडे जब्त कर नष्ट कर दिए जाएंगे। इससे बाजार में खराब या बासी अंडों की बिक्री पर रोक लगेगी। खाद्य विभाग ने यह भी सलाह दी है कि अंडों को सब्जियों के साथ स्टोर नहीं करना चाहिए, क्योंकि दोनों के लिए अलग-अलग तापमान की आवश्यकता होती है। फिलहाल उत्तर प्रदेश में आगरा और झांसी जैसे स्थानों पर प्रमुख एग स्टोरेज केंद्र मौजूद हैं, जहां अंडों को सुरक्षित रखा जाता है।

अपर मुख्य सचिव (पशुधन) मुकेश मेश्राम के मुताबिक, पहले खाद्य सुरक्षा नियमों का सही ढंग से पालन नहीं हो रहा था और कई उपभोक्ताओं को भी इसकी जानकारी नहीं थी। इसलिए अंडों पर उत्पादन और एक्सपायरी डेट लिखने का फैसला लिया गया है, ताकि लोग सुरक्षित और ताजे अंडों का इस्तेमाल कर सकें। वैज्ञानिकों के अनुसार, सामान्य तौर पर 30 डिग्री सेल्सियस तापमान पर अंडे लगभग 14 दिनों तक सुरक्षित रहते हैं, जबकि 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने पर इन्हें एक महीने से अधिक समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

2

2