T20 World Cup: 41 की उम्र, 4 विकेट और बड़ा रिकॉर्ड, मोहम्मद नबी ने ICC मंच पर रचा इतिहास

T20 World Cup: मोहम्मद नबी ने कनाडा के खिलाफ मैच में सिर्फ 7 रन देकर 4 विकेट चटकाए, इसके साथ ही उन्होंने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह वर्ल्ड कप के इतिहास में 4 विकेट हॉल लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं।

T20 World Cup: अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा के खिलाफ मुकाबले में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 7 रन देकर 4 विकेट झटके और विरोधी टीम की कमर तोड़ दी। उनकी कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान ने कनाडा को 118 रन पर ही रोक दिया। मुकाबले में अफगानिस्तान ने 82 रनों से शानदार जीत दर्ज की।

41 साल की उम्र में बना दिया रिकॉर्ड

नबी ने 41 साल 49 दिन की उम्र में 4 विकेट हॉल लेकर आईसीसी वनडे और टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में ऐसा करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी रहा।

बेस्ट बॉलिंग फिगर में कप्तान से आगे

इस प्रदर्शन के साथ नबी अफगानिस्तान के लिए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में तीसरे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े दर्ज करने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने अपने कप्तान राशिद खान को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2021 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 9 रन देकर 4 विकेट लिए थे। इस सूची में नबी से आगे फजलहक फारूकी और मुजीब-उर-रहमान हैं, जो टी20 वर्ल्ड कप में पांच-पांच विकेट हॉल ले चुके हैं।

पहले बल्लेबाजी, फिर दमदार जीत

टॉस हारने के बाद अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए इब्राहिम जादरान ने 56 गेंदों में 95 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। लक्ष्य का पीछा करते हुए कनाडा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन ही बना सकी और उसे 82 रनों से हार झेलनी पड़ी। जादरान को उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

2

2