Holi Dry Day 2026: होली के मौके पर कई राज्यों में शराब की बिक्री पर रोक रहेगी। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में धुलेंडी के दिन शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। दिल्ली आबकारी विभाग के अनुसार, 4 मार्च 2026 (बुधवार) को होली के दिन पूरी राजधानी में शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
होटल, क्लब और रेस्तरां में भी शराब परोसने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, लाइसेंस प्राप्त होटलों में रूम सर्विस के तहत सीमित रूप से शराब उपलब्ध हो सकती है। मार्च महीने में कुल मिलाकर लगभग पांच दिन शराबबंदी लागू रहेगी। इनमें राम नवमी, महावीर जयंती, शहीद दिवस और ईद-उल-फितर जैसे अवसर भी शामिल हैं।
| तारीख | दिन | कारण | प्रभावित क्षेत्र |
|---|---|---|---|
| 4 मार्च | बुधवार | होली | लगभग पूरे भारत में |
| 21 मार्च | शनिवार | ईद-उल-फितर | दिल्ली, यूपी, महाराष्ट्र में संभव |
| 23 मार्च | सोमवार | शहीद दिवस | मुख्य तौर पर महाराष्ट्र |
| 26 मार्च | गुरुवार | राम नवमी | दिल्ली, राजस्थान, यूपी, महाराष्ट्र |
| 31 मार्च | मंगलवार | महावीर जयंती | ज्यादातर उत्तर भारतीय राज्यों में |
उत्तर प्रदेश में कब तक रहेगी बंदी?
उत्तर प्रदेश में 4 और 5 मार्च को कई जिलों में शराब की दुकानें निर्धारित समय तक बंद रहेंगी। प्रयागराज में जिलाधिकारी के आदेश के मुताबिक 4 मार्च शाम 5 बजे से 5 मार्च दोपहर 2 बजे तक सभी देशी, विदेशी, बीयर और मॉडल शॉप बंद रहेंगी। नोएडा और गाजियाबाद में होली पार्टियों के लिए FL-11 लाइसेंस अनिवार्य कर दिया गया है। बिना अनुमति शराब परोसने पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र में ड्राई डे बरकरार
महाराष्ट्र में 4 मार्च को ड्राई डे लागू रहेगा। पहले ऐसी अटकलें थीं कि सरकार होली पर शराबबंदी हटा सकती है, लेकिन आबकारी विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रतिबंध जारी रहेगा। इसके अलावा 23 मार्च (शहीद दिवस) और 26 मार्च (राम नवमी) को भी शराब की दुकानें बंद रह सकती हैं।
छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी पाबंदी
छत्तीसगढ़ में धुलेंडी के दिन पूरे राज्य में शराब की बिक्री बंद रहेगी। इस बार भांग और भांग से बने उत्पादों की बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। मध्य प्रदेश में भी होली के दिन शराब बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं राजस्थान में 4 मार्च को सभी ठेके बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष टीमें गठित की हैं। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए विभिन्न राज्यों में ड्राई डे लागू किया गया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और अवैध शराब की बिक्री या सेवन से बचें।