Israel US Iran War: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के दौरान कतर का एक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। कतर सरकार ने रविवार को पुष्टि की कि इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। यह दुर्घटना फारस की खाड़ी में कतर के क्षेत्रीय जल के भीतर हुई। आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, हादसे के बाद एक व्यक्ति अब भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है।
रूटीन मिशन के दौरान हुआ हादसा
रक्षा मंत्रालय ने शुरुआती जांच में इस दुर्घटना की वजह “तकनीकी खराबी” बताई है। बताया गया कि हेलीकॉप्टर नियमित ड्यूटी पर था, तभी अचानक यह हादसा हुआ। आंतरिक मंत्रालय ने मृतकों की पहचान या उनकी राष्ट्रीयता के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है, जिससे यह साफ नहीं हो पाया है कि वे सैन्य कर्मी थे या नागरिक। बचाव अभियान में कोस्ट गार्ड और इंटरनल सिक्योरिटी फोर्स (लेख्विया) की टीमें जुटी हुई हैं और लापता व्यक्ति की तलाश जारी है। रक्षा मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि तकनीकी खामी के कारण हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ।
क्षेत्रीय तनाव के बीच बढ़ी चिंता
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है। ईरान द्वारा कतर में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने की खबरों के बीच इस हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि कतर सरकार ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी भी तरह की बाहरी हमले या दुश्मन कार्रवाई के संकेत नहीं मिले हैं और इसे महज तकनीकी कारणों से हुई दुर्घटना बताया गया है। इसके बावजूद क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जांच शुरू, बचाव कार्य जारी
हादसे के तुरंत बाद कतर सरकार और सेना ने इसकी जांच शुरू कर दी है, ताकि तकनीकी खराबी के असली कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल इस घटना का तेल और गैस गतिविधियों पर कोई सीधा असर नहीं पड़ा है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे घटनाक्रम क्षेत्रीय अस्थिरता को और बढ़ा सकते हैं। सरकार ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है, जबकि बचाव अभियान अभी भी जारी है।