Vaibhav Sooryavanshi Birthday: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी 27 मार्च को अपना 15वां जन्मदिन मना रहे हैं। कम उम्र में ही उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल कर ली हैं। महज 14 साल की उम्र में उन्होंने आईपीएल में डेब्यू किया और पहले ही सीजन में शानदार प्रदर्शन किया। आईपीएल में रन बनाने के बाद उन्होंने भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप और एशिया कप में भी हिस्सा लिया, जहां उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से खास छाप छोड़ी। पिछले एक साल में उनके बल्ले से लगातार रन निकले हैं, जिसके चलते फैंस और एक्सपर्ट अब उनके सीनियर टीम में डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं।
टीम इंडिया के दरवाजे पर दस्तक
पिछले साल तक वैभव की उम्र 14 साल थी, जबकि आईसीसी के नियमों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के लिए खिलाड़ी का कम से कम 15 साल का होना जरूरी है। यह नियम 2020 में लागू किया गया था। अब 15 साल के हो चुके वैभव अगर आने वाले आईपीएल और अन्य मैचों में अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखते हैं, तो उन्हें जल्द ही टीम इंडिया में मौका मिल सकता है। फिलहाल अगला टी20 वर्ल्ड कप दो साल बाद होना है और सभी का फोकस 2027 के वनडे वर्ल्ड कप पर है। ऐसे में बीसीसीआई टी20 फॉर्मेट में युवा खिलाड़ियों को आजमाने की रणनीति अपना सकता है, जिससे वैभव के लिए रास्ता खुल सकता है।
IPL में दिखाया दम
वैभव सूर्यवंशी ने घरेलू क्रिकेट और Indian Premier League में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। आईपीएल 2025 में उन्होंने 7 मैचों में 35 की औसत से 252 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। खास बात यह रही कि गुजरात के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़ दिया, जो इस टूर्नामेंट में किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज शतक रहा। उस पारी में उन्होंने 38 गेंदों में 101 रन बनाए। अब आईपीएल 2026 में भी उनसे बड़े प्रदर्शन की उम्मीद है।
U-19 वर्ल्ड कप में भी चमके
टी20 फॉर्मेट में वैभव अब तक 18 मैच खेल चुके हैं और 204.37 की स्ट्राइक रेट से 701 रन बना चुके हैं, जिसमें 3 शतक और 1 अर्धशतक शामिल हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उन्होंने 8 मैचों में 353 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक फिफ्टी है। वहीं फर्स्ट क्लास क्रिकेट की 12 पारियों में उनके नाम 207 रन दर्ज हैं। अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की शानदार पारी खेली थी, जिसके दम पर टीम इंडिया ने खिताब अपने नाम किया था।