Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से हो रही लगातार घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा है कि अब चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों को महज़ दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या माना जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए। इसके लिए पुलिस को विशेष छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया है और यह भी पूछा गया है कि प्रतिबंध के बावजूद यह खतरनाक मांझा बाजारों तक कैसे पहुंच रहा है।
सीएम योगी ने यह भी स्पष्ट किया कि चाइनीज मांझे से जुड़ी मौतों को गंभीर अपराध की श्रेणी में रखा जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने पूरे प्रदेश में अवैध रूप से मांझा बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और इसकी उच्च स्तर पर समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
हाल ही में लखनऊ में ऐसा ही एक दर्दनाक मामला सामने आया था। हैदरगंज पुल पर पतंग की डोर से एक युवक की गर्दन बुरी तरह कट गई। गंभीर हालत में उसे ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान शोएब के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था और मजदूरी करके घर चलाता था। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और इलाके में लोगों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है। लगातार हो रहे हादसों के चलते यह मांझा आम लोगों के लिए जान का खतरा बनता जा रहा है, जिसे रोकने के लिए अब प्रशासन सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।