US Soldiers Killed in Iran War: ईरान के साथ टकराव में अमेरिका ने गंवाए कितने जवान? चौंकाने वाला खुलासा

US Soldiers Killed in Iran War: ईरान के साथ जारी सैन्य कार्रवाई में पहली बार अमेरिका की तरफ से अपने सैनिक मारे जाने की पुष्टि हुई है। बता दें कि शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान पर हमला बोल दिया था।

US Soldiers Killed in Iran War: ईरान के खिलाफ चल रही सैन्य कार्रवाई के बीच अमेरिका ने पहली बार अपने सैनिकों के हताहत होने की पुष्टि की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि अब तक 3 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई। यह पुष्टि ऐसे समय पर हुई है जब अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को संयुक्त रूप से ईरान पर बड़ा हमला किया। इस कार्रवाई में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत की खबर सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र में तनाव को और भड़का दिया है।

ईरान ने ली बदले की कसम

संयुक्त हमलों के बाद ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता की हत्या का बदला लेने की कसम खाई है। तेहरान में सरकारी इमारतों वाले इलाकों से धुआं उठता देखा गया, वहीं इजरायली सेना ने हमलों के वीडियो जारी कर कई इमारतों को ध्वस्त होते दिखाया। ईरानी अधिकारियों का दावा है कि अमेरिका-इजरायल की कार्रवाई में अब तक 200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें खामेनेई के अलावा कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इजरायल और कुछ खाड़ी देशों की ओर कई मिसाइलें दागीं, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं।

इजरायल का सख्त रुख

इजरायल ने साफ कर दिया है कि वह ईरान के नेताओं और सैन्य ठिकानों पर हमले जारी रखेगा। ईरान की मिसाइलों के जवाब में तेल अवीव में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जो या तो हमलों की थीं या एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा इंटरसेप्शन की। इजरायल के बेइत शेमेश शहर में एक सिनागॉग पर हुए हमले में 8 लोगों की मौत और 28 के घायल होने की खबर है। इसके बाद देश में कुल मृतकों की संख्या 10 तक पहुंच गई है।

ईरान में नया नेतृत्व

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने राज्य टीवी पर संबोधन में कहा कि नई नेतृत्व परिषद ने कामकाज संभाल लिया है। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बताया कि 1-2 दिनों के भीतर नए सर्वोच्च नेता का चयन किया जाएगा। फिलहाल अयातुल्ला अलीरेजा अराफी को अंतरिम सर्वोच्च नेता नियुक्त किया गया है। मध्य पूर्व में तेजी से बदलते घटनाक्रम ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है।

 

US Soldiers Killed in Iran War
Comments (0)
Add Comment