UPI Payment: देश के बड़े शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक, आज खरीदारी, बिल भुगतान और मोबाइल रिचार्ज जैसे ज्यादातर काम ऑनलाइन पेमेंट से ही हो रहे हैं। डिजिटल लेन-देन ने हमारी जिंदगी को काफी आसान बना दिया है और अब हम काफी हद तक इसी पर निर्भर हो चुके हैं।
Google Pay, Paytm और BHIM जैसे ऐप्स ने पैसों के ट्रांजेक्शन को बेहद सरल बना दिया है। लेकिन कई बार ऐसा होता है जब इंटरनेट काम नहीं करता और हमें तुरंत भुगतान करना होता है। ऐसे में अगर जेब में कैश भी न हो, तो परेशानी बढ़ जाती है।
ऐसी स्थिति में National Payments Corporation of India (NPCI) की ऑफलाइन UPI सेवा आपके काम आ सकती है। यह सुविधा 2022 में शुरू की गई थी, ताकि खराब या बिना इंटरनेट कनेक्टिविटी वाले इलाकों में भी लोग डिजिटल पेमेंट कर सकें। हालांकि अभी भी बहुत से लोग इसके बारे में नहीं जानते। आइए समझते हैं कि इंटरनेट के बिना UPI से भुगतान कैसे किया जा सकता है।
बिना इंटरनेट ऐसे करें UPI पेमेंट (स्टेप-बाय-स्टेप गाइड)
स्टेप 1: अपने मोबाइल फोन से USSD कोड *99# डायल करें।
स्टेप 2: स्क्रीन पर “Welcome to *99#” संदेश दिखाई देगा। आगे बढ़ने के लिए ‘ओके’ चुनें।
स्टेप 3: अब कई विकल्प दिखेंगे, इनमें से “Send Money” चुनें।
स्टेप 4: भुगतान के लिए “Mobile Number” का विकल्प चुनें।
स्टेप 5: जिस व्यक्ति को पैसे भेजने हैं, उसका मोबाइल नंबर दर्ज करें।
स्टेप 6: स्क्रीन पर उस व्यक्ति का नाम दिखाई देगा, पुष्टि करें।
स्टेप 7: अब ट्रांसफर की जाने वाली रकम दर्ज करें और अपना UPI पिन डालें।
स्टेप 8: प्रक्रिया पूरी होते ही आपके खाते से राशि कट जाएगी और सामने वाले के खाते में जमा हो जाएगी।
ध्यान रखें: ऑफलाइन UPI सेवा का उपयोग करने के लिए आपका मोबाइल नंबर और आधार नंबर बैंक खाते से लिंक होना जरूरी है।