UP Politics: Uttar Pradesh की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले हलचल तेज हो गई है। योगी सरकार में मंत्री और Om Prakash Rajbhar पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करने जा रहे हैं। एनडीए सहयोगी Suheldev Bharatiya Samaj Party 22 फरवरी 2026 को Azamgarh जिले की अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के अहिरौला स्थित जनता इंटर कॉलेज में ‘सामाजिक समरसता महारैली’ आयोजित करेगी।
एक लाख से ज्यादा लोगों का दावा
पार्टी का दावा है कि इस रैली में एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे, जिनमें करीब 10 हजार प्रबुद्ध ब्राह्मणों की मौजूदगी भी बताई जा रही है। सुभासपा इस मंच के जरिए राजभर, ब्राह्मण, क्षत्रिय, चौहान, नाई, निषाद सहित विभिन्न वर्गों को साथ लाकर व्यापक सामाजिक एकजुटता का संदेश देना चाहती है। रैली में राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना के हजारों कमांडर भी हिस्सा लेंगे, जो संगठनात्मक शक्ति और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह आयोजन पूर्वांचल की राजनीति में बड़ा संकेत साबित होगा और एनडीए की मजबूती को दर्शाएगा।
सपा के गढ़ में शक्ति प्रदर्शन
राजनीतिक दृष्टि से आजमगढ़ को समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने जिले की सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी और लोकसभा में भी यहां उसका दबदबा रहा। ऐसे में इसी क्षेत्र में महारैली करना सुभासपा की रणनीतिक चाल माना जा रहा है 2022 में योगी सरकार के दोबारा सत्ता में आने के बाद ओम प्रकाश राजभर ने सपा से अलग होकर एनडीए का दामन थाम लिया था। तब से वे लगातार अतरौलिया क्षेत्र में सक्रिय हैं।
उनके छोटे बेटे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर भी पिछले करीब आठ महीनों से यहां डेरा डाले हुए हैं। पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर इस रैली की तैयारियों में जुटे हैं। उनका दावा है कि आजमगढ़ में इतनी बड़ी रैली पहले कभी नहीं हुई। उनके मुताबिक, यह आयोजन 2027 के चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक संदेश देगा और एनडीए को जिले की सभी सीटों पर जीत दिलाने की दिशा में अहम साबित होगा।