UP Holiday News: साल 2026 की होली से पहले योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए अहम फैसले किए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कर्मचारियों का वेतन त्योहार से पहले ही जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग स्टाफ, संविदाकर्मी और सफाईकर्मियों समेत किसी भी कर्मचारी का वेतन लंबित नहीं रहना चाहिए।
सीएम ने चेतावनी दी कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 28 फरवरी (शनिवार) को कार्यदिवस घोषित किया गया है। वहीं 2, 3 और 4 मार्च को होली की छुट्टी रहेगी, जबकि 3 मार्च को विशेष अवकाश मिलेगा। इसके साथ ही पांच दिन कार्य करने वाले सरकारी कार्यालय लगातार पांच दिन बंद रहेंगे।
समय पर वेतन से कर्मचारियों को राहत
मुख्यमंत्री के इस फैसले से खासतौर पर कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें वेतन में देरी की वजह से त्योहारों के समय दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। सरकार का उद्देश्य है कि सभी कर्मचारी और उनके परिवार बिना किसी आर्थिक तनाव के होली का पर्व मना सकें। सीएम योगी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया है कि वेतन भुगतान में किसी भी तरह की चूक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने त्योहारों के दौरान जिम्मेदार और संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया है, ताकि प्रदेश में सुचारु माहौल बना रहे।