Union Budget Session 2026: संसद में हाई वोल्टेज ड्रामा, राहुल गांधी के बयान पर सत्ता पक्ष का तीखा जवाब

Union Budget Session 2026: लोकसभा में सोमवार को राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद जोरदार हंगामा देखने को मिला। राहुल गांधी द्वारा डोकलाम का जिक्र किए जाने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ा विरोध जताया।

Union Budget Session 2026: लोकसभा के बजट सत्र के दौरान 2 फरवरी 2026 को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने डोकलाम का जिक्र किया, जिसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। जैसे ही राहुल गांधी ने डोकलाम और चीन से जुड़े मुद्दे उठाए, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में इन विषयों का कोई उल्लेख नहीं था, इसलिए इस पर चर्चा नहीं होनी चाहिए।

नरवणे की किताब को लेकर विवाद

राहुल गांधी पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की एक किताब में चीन और डोकलाम से जुड़े कथित बयान का हवाला देना चाहते थे। इस पर राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस किताब का जिक्र किया जा रहा है, वह अभी प्रकाशित ही नहीं हुई है, इसलिए राहुल का संदर्भ गलत है। इसके बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी को रोकते हुए कहा कि जो किताब छपी ही नहीं है, उस पर संसद में चर्चा नहीं की जा सकती।

अमित शाह और राजनाथ का कड़ा विरोध

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस मुद्दे पर आपत्ति जताई और राहुल गांधी से साफ करने को कहा कि वह किताब प्रकाशित हुई है या नहीं। वहीं राजनाथ सिंह ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सदन को गुमराह न करें और गैर जरूरी बातें न उठाएं।

अखिलेश यादव ने किया समर्थन

समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव राहुल गांधी के समर्थन में खड़े हुए। उन्होंने स्पीकर से आग्रह किया कि राहुल को किताब से जुड़ी बात रखने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि चीन से जुड़ा मुद्दा संवेदनशील जरूर है, लेकिन उस पर चर्चा जरूरी है। इस पर स्पीकर ने राहुल गांधी से कहा कि वह सदन की मर्यादा का पालन करें।

राहुल गांधी का पलटवार

राहुल गांधी ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार किताब से डर रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को डर नहीं है तो उन्हें किताब पढ़ने दी जाए। इस बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि संसद नियमों और प्रक्रियाओं के तहत चलती है और उन्हीं का पालन किया जाना चाहिए।

rahul gandhi
Comments (0)
Add Comment