UK Arrest Controversy: आत्मरक्षा की आवाज उठाने पर गिरफ्तारी? ब्रिटेन में सिख कारोबारी हरमन सिंह पर विवाद

UK Arrest Controversy: ब्रिटेन के लंदन में सिख रेस्टोरेंट मालिक हरमन सिंह कपूर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दरअसल हरमन सिंह को हलाल मीट न बेचने को लेकर लगातार धमकियाँ मिल रही थी, जिसके खिलाफ उन्होंने आत्मरक्षा का फैसला किया था। वे खालिस्तानी और इस्लामी कट्टरपंथ के निशाने पर भी रह चुके हैं।

UK Arrest Controversy: ब्रिटेन की राजधानी London में रहने वाले सिख समुदाय के रेस्टोरेंट मालिक Harman Singh Kapoor को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपने रेस्टोरेंट में हलाल मीट परोसने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उन्हें और उनके परिवार को कथित तौर पर पाकिस्तान मूल के कुछ लोगों की ओर से धमकियां मिलने लगीं। स्थिति को देखते हुए उन्होंने कुछ समय के लिए अपना रेस्टोरेंट बंद करने का फैसला भी किया था।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस उन्हें उनके रेस्टोरेंट से गिरफ्तार करती दिखाई दे रही है। हरमन सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर एक पोस्ट के जवाब में अपनी गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि उन्होंने केवल अपने परिवार की सुरक्षा के लिए कदम उठाए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें ही गिरफ्तार कर लिया गया। उनका आरोप है कि पुलिस ने उनकी सुरक्षा करने के बजाय उन्हें और उनके धर्म को ही निशाना बनाया।

हलाल मीट विवाद से शुरू हुआ विवाद

हरमन सिंह कपूर पिछले लगभग 16 वर्षों से लंदन में ‘रंगरेज रेस्टोरेंट एंड बार’ नाम से अपना व्यवसाय चला रहे हैं। उन्होंने अपने रेस्टोरेंट में हलाल मीट न परोसने का फैसला लिया हुआ है और इसके बारे में प्रवेश द्वार पर एक साइनबोर्ड भी लगा रखा है। उनका कहना है कि वे जानवरों के साथ क्रूरता से जुड़े किसी भी तरीके का समर्थन नहीं करते। इसी मुद्दे को लेकर कुछ लोग उनसे नाराज बताए जा रहे हैं और उनके रेस्टोरेंट को निशाना बना रहे हैं।

उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें कुछ लोग कथित तौर पर उनके रेस्टोरेंट के बाहर हंगामा करते नजर आए। हरमन सिंह का दावा है कि ये लोग रेस्टोरेंट में हलाल मीट न मिलने का विरोध कर रहे थे और जबरन अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। वीडियो में मौके पर पुलिस की मौजूदगी भी दिखाई देती है।

धमकियों का आरोप

रिपोर्ट्स के अनुसार, हरमन सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके रेस्टोरेंट को निशाना बनाने वाले कुछ लोग पाकिस्तान मूल के थे। सोशल मीडिया पर भी ऐसे दावे सामने आए हैं कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बच्चों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां और धमकियां दी गईं।

आत्मरक्षा की बात कही

इन घटनाओं के बाद हरमन सिंह सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहे और उन्होंने दावा किया कि पुलिस से उन्हें पर्याप्त मदद नहीं मिल रही है। एक वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को रोजाना धमकियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए उन्होंने आत्मरक्षा के लिए कदम उठाने की बात कही। उनका कहना था कि यदि शांति बनाए रखने के सभी प्रयास विफल हो जाएं, तो आत्मरक्षा का अधिकार जरूरी हो जाता है। इसी संदर्भ में उन्होंने सिख परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर अपने परिवार की रक्षा करना उनका कर्तव्य है।

पहले भी रहे विवादों में

भारतीय मूल के हरमन सिंह कपूर खुद को एक सिख एक्टिविस्ट बताते हैं और वे लंबे समय से खालिस्तानी उग्रवाद के खिलाफ खुलकर बोलते रहे हैं। उन्होंने पहले भी सोशल मीडिया पर इस आंदोलन की आलोचना की है। साल 2023 में उन्होंने दावा किया था कि खालिस्तानी विचारधारा की आलोचना करने के बाद उनकी कार पर हमला किया गया था और उसे नुकसान पहुंचाया गया था। इसके अलावा वे हाल के महीनों में इस्लामी कट्टरपंथ और अन्य मुद्दों पर भी अपनी राय खुलकर व्यक्त करते रहे हैं। सोशल मीडिया पर वे कई अंतरराष्ट्रीय और राजनीतिक विषयों पर भी लगातार टिप्पणी करते रहे हैं।

गिरफ्तारी पर उठे सवाल

हरमन सिंह कपूर की गिरफ्तारी के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। कुछ लोगों का कहना है कि वे अपने रेस्टोरेंट और परिवार की सुरक्षा के लिए कदम उठा रहे थे, जबकि अन्य लोग इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल इस घटना को लेकर सिख संगठनों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे चलकर समुदाय और संबंधित संगठन इस मामले पर क्या रुख अपनाते हैं।

 

UK Arrest Controversy
Comments (0)
Add Comment